ब्रेकिंग न्यूज़

बंद मकान से सड़ी-गली हालत में शव बरामद, 3 दिन से गायब था परिवार ....

- शव कब्जे में लेकर पुलिस ने जाँच की शुरू, हिमाचल वासी माकन मालिक को भी बुलाया  

खबरनामा इंडिया बबलू। जालंधर  

पंजाब के जालंधर में एक बंद पड़े मकान से एक व्यक्ति का शव बरामद होने की खबर है। बताया जा रहा है कि जिस घर से शव मिला, वहां रहने वाला किराएदार परिवार पिछले 3 दिनों से मकान को ताला लगाकर कहीं गए हुए है। घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का ताला तोड़ा और बाथरूम से शव बरामद किया है।

जानकारी अनुसार शेर सिंह कॉलोनी स्थित दो मंजिला मकान में दो किराएदार परिवार रहते थे। मकान के ऊपरी हिस्से में हिमाचल प्रदेश से संबंधित एक परिवार किराए पर रह रहा था। पड़ोसियों के अनुसार उक्त परिवार की महिला 3-4 दिन पहले घर को ताला लगाकर कहीं चली गई थी और तब से मकान बंद पड़ा था।

पड़ोसी किराएदार हरप्रीत सिंह के अनुसार पिछले 3 दिनों से साथ वाला कमरा बंद था। बीती रात घर से तेज बदबू आने लगी, जिससे किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने तुरंत थाना बस्ती बाबा खेल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का ताला तोड़कर जांच शुरू की। कमरे के बाथरूम से तेज दुर्गंध आ रही थी। तलाशी के दौरान पुलिस ने बाथरूम के अंदर से एक व्यक्ति का शव बरामद किया, जो काफी हद तक गल-सड़ चुका था।

थाना प्रभारी जयइंद्र के अनुसार शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस ने मकान मालिक और किराएदार को मकान दिलवाने वाले प्रॉपर्टी डीलर को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान मालिक हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है, जिसे घटना की सूचना दे दी गई है।

फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से गंभीरता से जांच कर रही है और शव की पहचान तथा मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। 

No comments