ब्रेकिंग न्यूज़

संत सीचेवाल वाटर स्पोर्ट्स सेंटर के 2 खिलाड़ी भारतीय सेना में भर्ती ....

- वाटर स्पोर्ट्स के माध्यम से युवाओं को मिल रहे रोजगार और देश सेवा के अवसर  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला       

पवित्र काली वेईं के किनारे वर्ष 2014 से संचालित संत सीचेवाल वाटर स्पोर्ट्स सेंटर ने एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। सेंटर के दो युवा खिलाड़ी, रोहितप्रीत सिंह (पंजाब बटालियन) और हर्षदीप सिंह (सिख रेजिमेंट), भारतीय सेना में भर्ती होने के बाद निर्मल कुटिया, सुल्तानपुर लोधी पहुंचे, जहां उन्होंने पर्यावरण प्रेमी एवं राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल से आशीर्वाद प्राप्त किया। 

इस अवसर पर संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने दोनों युवाओं को सम्मानित करते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और खेलों के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पंजाब पानीयों की धरती होने के बावजूद यहां वाटर स्पोर्ट्स को वह सम्मान नहीं मिल पाया, जिसका यह हकदार है। इसी कमी को दूर करने के उद्देश्य से वर्ष 2014 में पवित्र वेईं के किनारे संत सीचेवाल वाटर स्पोर्ट्स सेंटर की स्थापना की गई, जहां तैराकी, कैनोइंग, कयाकिंग और ड्रैगन बोट जैसी खेलों का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 

उन्होंने बताया कि वर्तमान में इस सेंटर में 80 से अधिक लड़के और लड़कियां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कई युवा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर सरकारी नौकरियां और छात्रवृत्तियां हासिल कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि वाटर स्पोर्ट्स में पंजाब के खिलाड़ियों के लिए उज्ज्वल भविष्य है तथा ये खेल युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करते हैं। 

रोहितप्रीत सिंह ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि भारतीय सेना में भर्ती होना उनका बचपन का सपना था। उन्होंने बताया कि संत सीचेवाल वाटर स्पोर्ट्स सेंटर में प्राप्त प्रशिक्षण ने उनकी शारीरिक और मानसिक तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि यहां मिली निःशुल्क ट्रेनिंग, प्रशिक्षकों की मेहनत और संत सीचेवाल की प्रेरणा के कारण वह राष्ट्रीय स्तर पर खेल सके, पदक और छात्रवृत्तियां प्राप्त कर सके तथा आज सेना में भर्ती होने का गौरव हासिल कर पाए हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने की अपील भी की। 

हर्षदीप सिंह ने कहा कि सेना में भर्ती होना उनके जीवन का सबसे बड़ा सपना था, जो संत सीचेवाल वाटर स्पोर्ट्स सेंटर के प्रशिक्षण की बदौलत साकार हुआ है। उन्होंने बताया कि वाटर स्पोर्ट्स में हासिल उपलब्धियों और शारीरिक फिटनेस ने भर्ती प्रक्रिया के दौरान उनकी काफी सहायता की। उन्होंने युवाओं से खेलों के साथ जुड़कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने का आह्वान किया। 

संत सीचेवाल ने कोच अमनदीप सिंह और उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि उनकी निरंतर मेहनत के कारण गांवों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी बड़े अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्मल कुटिया की ओर से खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री, नावें, जिम और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, ताकि कोई भी प्रतिभाशाली बच्चा आर्थिक तंगी के कारण अपने सपनों से वंचित न रह जाए। 

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बाबा नानक की पवित्र वेईं के किनारे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे ये युवा भविष्य में देश और पंजाब का नाम और अधिक रोशन करेंगे तथा युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे। 

कोच अमनदीप सिंह ने बताया कि इस सेंटर से प्रशिक्षण प्राप्त कर अब तक लगभग 30 युवा विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस अवसर पर कोच वरिंदर सिंह, जरनैल सिंह, अमोलप्रीत सिंह, हरविंदर सिंह तथा सेंटर के अन्य खिलाड़ी भी उपस्थित रहे। 

No comments