कपूरथला जिले में पराली जलाने पर सख्ती--
- DC और SSP ने खेत में पहुंचकर बुझवाई आग, किसानों को दी चेतावनी
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में DC आकाश बंसल और SSP गौरव तूरा ने आज संयुक्त रूप से नडाला और बेगोवाल की कोऑपरेटिव सोसाइटियों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद करते हुए गेहूं की पराली को आग न लगाने की अपील की।
दौरे के दौरान अधिकारियों ने नडाला के पास एक खेत में पराली जलती देख तुरंत अपना काफिला रुकवाया। मौके पर खड़े होकर उन्होंने आग बुझाने की कार्रवाई का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को तुरंत आग पर काबू पाने के निर्देश दिए, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके।
किसानों को संबोधित करते हुए डिप्टी कमिश्नर आकाश बंसल ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा कोऑपरेटिव सोसाइटियों को आधुनिक कृषि मशीनरी उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पराली को जलाने के बजाय मल्चर, रोटावेटर जैसी मशीनों का उपयोग करके इसे खेतों में ही मिलाएं। उन्होंने बताया कि कपूरथला के लिए संदीप सिंह (85271 11124) और भुलत्थ सब-डिवीजन के लिए जोबनजीत सिंह (89686 41990) को मशीनरी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
DC ने यह भी कहा कि पराली जलाने से मिट्टी के लाभकारी कीट नष्ट हो जाते हैं और जमीन की उर्वरता घटती है, जिससे अगली फसल की पैदावार पर सीधा असर पड़ता है।
वहीं SSP गौरव तूरा ने स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत पराली जलाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सैटेलाइट के जरिए हर घटना पर नजर रखी जा रही है।
उन्होंने किसानों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ तुरंत FIR दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



.jpg)




















No comments