ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में एक माँ दो बच्चो सहित काली बेईं में कूदी,....

- माँ की बच गई जान, लेकिन दो मासूम बेटों की दर्दनाक मौत  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कपूरथला की सब-डिवीजन सुल्तानपुर लोधी में आज एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया। यहां एक मां ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ काली बेईं में कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इस दर्दनाक हादसे में मां की जान तो बच गई, लेकिन दोनों मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना की सुचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने दोनों बच्चो के शवों को कब्जे में लेकर जाँच शुरू कर दी है।  

मिली जानकारी के अनुसार गांव अदालत चक निवासी भरपूर सिंह की पत्नी सिमरन कौर मानसिक तनाव के चलते अपने दो छोटे बेटों वीर प्रताप सिंह (6वर्ष) और गुर प्रताप सिंह (3वर्ष) को साथ लेकर काली बेईं पहुंची और नदी में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि दोनों में से एक बच्चे को वह स्कूल से लेकर आई थी।  

घटना के दौरान मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत साहस दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद दोनों मासूम बच्चों को नहीं बचाया जा सका और उनकी जिंदगी पानी की लहरों में खत्म हो गई। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। 

थाना सुल्तानपुर लोधी के जाँच अधिकारी एएसआई बलदेव सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा हर पहलू से जांच की जा रही है।

यह घटना न सिर्फ एक परिवार के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए एक बड़ा सवाल खड़ा करती है आखिर ऐसा कौन सा दर्द था जिसने एक मां को अपने ही बच्चों के साथ यह खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। यह हादसा यह सोचने पर मजबूर करता है कि कई बार अंदर ही अंदर पल रहा दर्द, जब वक्त पर समझा न जाए, तो वह इतनी बड़ी त्रासदी का रूप ले सकता है।  


No comments