ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला के गांव चक्को की में युवक की संदिग्ध मौत ....

- ओवरडोज की आशंका; MLA खैहरा ने उठाए सवाल, 15 दिन में पांचवी मौत 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कपूरथला के ढिलवां क्षेत्र के गांव चक्को की में देर रात 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक तौर पर युवक की मौत नशे की ओवरडोज से होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस द्वारा अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मृतक की पहचान शमशेर सिंह वासी गांव चक्को की के रूप में हुई है। 

घटना की सूचना मिलते ही थाना ढिलवां की पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला के शवगृह में रखवा दिया है। और मामले की जांच शुरू कर दी है। SHO दलविंदर सिंह ने बताया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। 

मृतक शमशेर सिंह के भाई आकाशदीप सिंह के अनुसार शमशेर सिंह मंगलवार को अपने साथियों के साथ भूसा काटने का काम कर रहा था। शाम के समय सभी ने मिलकर कथित नशा किया, जिसके बाद शमशेर अचानक बेहोश हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उसे होश में लाने के लिए साथियों ने उसके चेहरे पर थप्पड़ मारे, जिससे उसका चेहरा और आंखें सूज गईं। 

आकाशदीप ने यह भी बताया कि रात करीब 8:30 बजे शमशेर के साथी उसे बेहोशी की हालत में घर छोड़कर चले गए। परिवार के सदस्य उसे तुरंत सुभानपुर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है।   

दूसरी तरफ इस मामले पर भुलत्थ के MLA सुखपाल सिंह खैहरा ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर प्रतिक्रिया देते हुए सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पिछले 15 दिनों में उनके क्षेत्र में ड्रग्स से यह पांचवीं मौत है, जो बेहद चिंता का विषय है। खैहरा ने आरोप लगाया कि सरकार नशे के बढ़ते प्रकोप को रोकने में विफल रही है। 

वहीं स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी रोष और डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि अगर नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में और भी परिवार इस तरह की त्रासदी का शिकार हो सकते हैं। 


No comments