ब्रेकिंग न्यूज़

RCF प्रशासन के कुप्रबंधन और नीतियों के खिलाफ एम्पलाइज यूनियन ने खोला मोर्चा ....

- प्रशासन की विफलताओं के कारण कर्मचारियों के इंसेंटिव पर मंडरा रहा खतरा  

- कार्यकारी अध्यक्ष मनजीत सिंह बाजवा ने दी बड़े संघर्ष की चेतावनी  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कपूरथला आरसीएफ एम्पलाइज यूनियन की फर्निशिंग डिवीजन द्वारा आज फर्निशिंग शॉप के कर्मचारियों को लामबंद करते हुए प्रशासन की कर्मचारी विरोधी नीतियों और बदतर मैनेजमेंट के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर आरसीएफ एम्पलाइज यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष मनजीत सिंह बाजवा ने कहा कि आरसीएफ प्रशासन की घटिया प्लानिंग और संसाधनों के भारी अभाव के कारण आज कोच उत्पादन की स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है।  

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की इन प्रशासनिक विफलताओं का खामियाजा सीधे तौर पर उन मेहनतकश कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है जो दिन-रात मेहनत कर उत्पादन को गति देते हैं। सामग्री की कमी और खराब नियोजन के कारण कर्मचारियों को न केवल भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है बल्कि उनके इंसेंटिव में भी कटौती की साजिश रची जा रही है जिसे यूनियन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।  

कर्मचारियों को संबोधित करते हुए भरत राज ने यह कहा कि RCF की गलत प्लानिंग के चलते न केवल उत्पादन प्रभावित हो रहा है बल्कि सुपरवाइजरों और निचले स्तर के अधिकारियों पर भी भारी मानसिक दबाव बढ़ रहा है जो किसी भी गंभीर परिणाम का कारण बन सकता है। उन्होंने प्रशासन को सीधे तौर पर चेतावनी दी है कि यदि अप्रैल महीने के इंसेंटिव में किसी भी प्रकार की गिरावट हुई या कर्मचारियों के अतिरिक्त कार्य का उचित भुगतान नहीं किया गया तो यूनियन अधिकारियों का घेराव करने पर मजबूर होगी। भरत राज ने जोर देकर कहा कि कर्मचारियों का पसीना सूखने से पहले उनकी मेहनत का फल मिलना चाहिए और प्रशासन को अपनी मैनेजमेंट व्यवस्था में तत्काल सुधार करना चाहिए ताकि कामगारों के मनोबल पर कोई विपरीत प्रभाव न पड़े।  

प्रेस सचिव अरविंद कुमार ने आरसीएफ प्रशासन को अंतिम चेतावनी दी है कि वह अपनी प्रबंधन व्यवस्था में सुधार करे और उत्पादन प्रक्रिया में आने वाली बाधाओं को दूर कर इसी महीने कर्मचारियों का बनता हक और इंसेंटिव जारी करे। 

संगठन सचिव ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि प्रशासन ने अपनी हठधर्मिता और गलत नीतियों को नहीं बदला तो आने वाले दिनों में आरसीएफ एम्पलाइज यूनियन एक बड़े और निर्णायक संघर्ष का बिगुल फूंक देगी। इस आंदोलन से उत्पन्न होने वाली किसी भी अप्रिय स्थिति या उत्पादन में होने वाले व्यवधान की संपूर्ण जिम्मेदारी आरसीएफ प्रशासन की होगी। अंत में उन्होंने सभी कर्मचारियों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि एकता में ही शक्ति है और हम अपने हक की लड़ाई को अंतिम छोर तक लड़ेंगे।  


No comments