ब्रेकिंग न्यूज़

पंजाब खाद्य आयोग सदस्य का कपूरथला के स्कूलों में औचक निरीक्षण ....

- स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में “किचन गार्डन” लगाने के लिए किया प्रेरित  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य विजय दत्त ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) 2013 को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से जिला कपूरथला के ब्लॉक नडाला अंतर्गत गांव मियानी बाकरपुर तथा गांव धालीवाल बेट के विभिन्न सरकारी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के दौरान विजय दत्त ने स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में मिड डे मील व्यवस्था, साफ-सफाई, बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि NFSA 2013 के तहत मिलने वाली सुविधाओं को पूरी पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ लागू किया जाए, ताकि बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध हो सके। 

विजय दत्त ने स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में “किचन गार्डन” लगाने के लिए भी प्रेरित किया, ताकि बच्चों को ताजा एवं पौष्टिक सब्जियां उपलब्ध करवाई जा सकें। उन्होंने मिड डे मील तैयार करने वाली कुक महिलाओं को सभी निर्धारित मानकों एवं नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी। साथ ही उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और पीने के पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु समय-समय पर TDS जांच करवाने के निर्देश दिए। 

निरीक्षण के दौरान स्कूलों में गैस सिलेंडर की समस्या संबंधी मुद्दे पर उन्होंने तुरंत मिड डे मील पंजाब के जीएम वरिंदर बराड़ से बातचीत कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों के भोजन की व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। 

विजय दत्त ने बच्चों के साथ बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को “फूड टेस्ट रजिस्टर” नियमित रूप से मेंटेन रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त बच्चों एवं मिड डे मील कुक्स के नियमित स्वास्थ्य जांच (Health Check-up) करवाने पर भी विशेष जोर दिया।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं संबंधित योजनाओं के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

विजय दत्त ने कहा कि पंजाब राज्य खाद्य आयोग बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। 

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) 2013 अथवा संबंधित योजनाओं को लेकर कोई शिकायत या समस्या हो, तो वह पंजाब राज्य खाद्य आयोग के हेल्पलाइन नंबर 9876764545 पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है।  

No comments