कपूरथला में एक माँ दवारा काली बेंई में छलांग लगाने का मामला ...
- दो मासूम बच्चों की मौत के बाद माँ पर FIR, मां गिरफ्तार
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी क्षेत्र में काली बेंई में छलांग लगाकर अपने दो मासूम बच्चों की जान लेने के मामले में थाना सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने बच्चों के पिता की शिकायत पर मां के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक बच्चों के पिता भरपूर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2019 में उसका विवाह सिमरत कौर पुत्री अमरजीत सिंह वासी गांव सुरखपुर के साथ हुआ था। जिसके बाद उनके दो बेटे हुए। बड़ा बेटा वीर प्रताप सिंह वर्ष 2020 में पैदा हुआ था, जबकि छोटा बेटा गुरु प्रताप सिंह वर्ष 2024 में जन्मा था।
परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए वह रात के समय गुरुद्वारा श्री बाउली साहिब, गांव डल्ला में ड्यूटी करता है तथा दिन में AC रिपेयर का काम करता है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि मंगलवार रात उसका अपनी पत्नी के साथ घरेलू विवाद हुआ था, जिसके दौरान सिमरत कौर ने बच्चों को मारने की धमकी दी थी। उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी अक्सर अलग रहने को लेकर विवाद करती थी। तथा बच्चों के साथ भी मारपीट करती थी। इस संबंध में उसने अपने ससुराल पक्ष को भी जानकारी दी थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
भरपूर सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह वह ड्यूटी से लौटने के बाद अपने बड़े बेटे वीर प्रताप सिंह को स्कूल पढ़ने के लिए छोड़कर आया था। आरोप है कि बाद में उसकी पत्नी सिमरत कौर छोटे बेटे को घर से साथ लेकर स्कूल पहुंची और बड़े बेटे को छुट्टी दिलवाने के बाद गुरुद्वारा श्री संतघाट के सामने पहुँच काली बेंई में छलांग लगा दी।
मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को डूबता देख तुरंत बाहर निकाल लिया। बाद में पता चला कि दोनों बच्चे भी उसके साथ पानी में थे। लोगों ने बच्चों को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
थाना सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने भरपूर सिंह की शिकायत पर सिमरत कौर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है।



.jpg)




















No comments