कपूरथला में पूर्व सरपंच के घर से लाखों की चोरी ....
- खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे चोर, 8-9 तोले सोने के गहने और 10 हज़ार नकदी ले उड़े
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला की सब-डिवीजन सुल्तानपुर लोधी में लूट और चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच चोरों ने देर रात गाजीपुर कॉलोनी में पूर्व सरपंच के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी करने की घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित पूर्व सरपंच हरजिंदर सिंह ने बताया कि सुबह जब उन्होंने घर का सामान बिखरा हुआ देखा तो चोरी का पता चला। जांच करने पर घर से करीब 8 से 9 तोले सोना और लगभग 10 हजार रुपये नकद गायब मिले। उन्होंने बताया कि चोर घर के पिछले कमरे की खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर लोधी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
वहीं गांव के सरपंच ने बताया कि इलाके में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले भी गांव की एक दुकान से दिनदहाड़े 35 हजार रुपये की लूट हुई थी। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट वाले संदिग्ध लोग गांव में घूमते रहते हैं। कई बार 20 से 25 युवकों के समूह को पास के श्मशान घाट में बैठे देखा गया, लेकिन ग्रामीण उन्हें रोकने में सफल नहीं हो पाए।
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में चोरी और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



.jpg)








.jpeg)













No comments