ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में चलती बस में हंगामा, ASI ने कंडेक्टर पर तानी रिवॉल्वर ....

- सीट को लेकर कंडक्टर से तीखी बहस, वीडियो वायरल होने के बाद ASI को तुरंत किया सस्पेंड  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कपूरथला की सब डिवीज़न सुल्तानपुर लोधी में चलती बस में हंगामा हो गया जिसमे बस के अंदर सीट को लेकर हुई तीखी बहस के दौरान एक ASI ने रिवॉल्वर निकाल कर कंडेक्टर पर तान दी। इस घटना से यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब पुलिस अधिकारिओ ने तुरंत बड़ी कार्रवाई करते हुए ASI को सस्पेंड कर दिया है। 

बस कंडक्टर बोहड़ सिंह पुत्र इंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह पीआरटीसी बस (PB-09-X-3206) में सुल्तानपुर लोधी से कपूरथला जा रहा था और सुल्तानपुर लोधी बाईपास से एक एएसआई बस में चढ़ा और जब मैंने उससे वाउचर मांगा तो उसने वाउचर देने से मना कर दिया। उसने बताया कि जब बस डडविंडी अड्डे पर पहुंची तो सोमवार होने की वजह से बस में बहुत भीड़ थी। कंडक्टर ने यात्रियों को आगे बढ़ने को कहा और एएसआई को इशारा किया कि वह सीट से अपना बैग उठाकर किसी दूसरे यात्री को बैठा दे।  

इस पर एएसआई को गुस्सा आ गया और वह कंडक्टर से बहस करने लगा। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया। उन्होंने बताया कि इसी बीच एएसआई ने अपनी सरकारी रिवॉल्वर निकाल ली। इस घटना से बस में मौजूद यात्री डर गए। कंडक्टर के मुताबिक एएसआई ने भरी बस में रिवॉल्वर लहराई। जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके पर मौजूद एक यात्री ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले के बाद पीआरटीसी कर्मचारियों में भारी गुस्सा है। 

कर्मचारियों ने आरोपी पुलिसवाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मचारियों के साथ ऐसा व्यवहार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। दूसरी ओर पुलिस प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।एएसपी सुल्तानपुर लोधी  धीरेन्द्र वर्मा का कहना है कि मुलाजम को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है औऱ जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। 

घटना के बाद बस कंडक्टर ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। इस बारे में ASP सुल्तानपुर लोधी धीरेंद्र वर्मा ने कन्फर्म किया कि पुलिस को सुबह 112 पर कॉल आई थी। इसके बाद तुरंत पुलिस टीम मौके पर भेजी गई और जांच शुरू की गई। 

ASP ने बताया कि शुरुआती जांच और वायरल वीडियो के आधार पर PAP में तैनात ASI बलबीर सिंह की भूमिका सामने आई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग ने उन्हें तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है और आगे की विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है।

इस घटना के बाद इलाके में पुलिस की कारगुजारी और व्यवहार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, वहीं लोग मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। 

No comments