कपूरथला के एक मशहूर डॉक्टर के घर लाखो की चोरी, नौकरानी पर FIR ....
- सिटी थाना पुलिस ने नौकरानी को गिरफ्तार कर पूछताछ की शुरू
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला के थाना सिटी पुलिस ने शहर के एक प्रसिद्ध डॉक्टर के घर में चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए नौकरानी को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती पर घर से हजारों रुपये की नकदी और सोने के गहने चोरी करने के आरोप हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवती से पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना सिटी पुलिस को दी शिकायत में डॉ. गुरबचन सिंह वासी सहारा अस्पताल, पीर चौधरी रोड, कपूरथला ने बताया कि करीब 9-10 महीने पहले उन्होंने अपने घर में काम करने के लिए मनीषा पुत्री कामेश्वर पासवान मूलवासी समस्तीपुर, बिहार हाल वासी मंसूरवाल को रखा था।
डॉ. गुरबचन सिंह के अनुसार, इसी दौरान उनकी बेटी की सोने की बालियां और एक अंगूठी अचानक गायब हो गईं, जिन्हें उन्होंने काफी तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच उनके दोस्त राजीव ने एक पारिवारिक समारोह के चलते सुरक्षा की दृष्टि से अपने सोने के गहने और नकदी उनके घर पर रखे थे, जिनमें से करीब 6 तोले वजनी दो सोने के कंगन भी गायब हो गए।
इसके अलावा घर की अलमारी से भी समय-समय पर पांच-पांच और सात-सात हजार रुपये की नकदी गायब होने लगी। शक के आधार पर जब उन्होंने नौकरानी मनीषा के बैंक खाते की जांच करवाई, तो 17 मार्च को 17 हजार रुपये और 26 मार्च को 7 हजार रुपये जमा होने की एंट्री सामने आई।
जब इस बारे में मनीषा से पूछताछ की गई तो उसने 27 हजार रुपये चोरी करने की बात कबूल कर ली। आरोपी ने 6 हजार रुपये ऑनलाइन वापस भी कर दिए। लेकिन बाकी रकम और सोने के गहनों के बारे में टालमटोल करने लगी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।



.jpg)




















No comments