कपूरथला में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन .....
- नशे से ग्रस्त 30 युवको को अस्पताल में करवाया भर्ती, “युद्ध नशों के विरुद्ध” मुहिम की तेज
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी इलाके में लगातार बढ़ रहे नशे के प्रकोप को रोकने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए “युद्ध नशों के विरुद्ध” मुहिम के तहत शाहकोट पुलिस के साथ जॉइंट ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
यह विशेष अभियान एसएसपी गौरव तूरा के दिशा-निर्देशों पर एएसपी धीरेन्द्र वर्मा (आईपीएस) की निगरानी में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिंदर सिंह और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सोनमदीप कौर के नेतृत्व में प्रभावी ढंग से चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने सुल्तानपुर लोधी के विभिन्न गांवों में पहुंचकर नशे के आदी युवाओं से सीधा संवाद किया। उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया और बेहतर जीवन की ओर लौटने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस की इस पहल का सकारात्मक असर भी देखने को मिला, जिसके चलते 30 युवाओं को सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी में भर्ती कराया गया है। यहां प्राथमिक उपचार और काउंसलिंग के बाद उन्हें आगे इलाज के लिए डी-एडिक्शन सेंटर भेजा जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मुहिम का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में फंसे युवाओं को समाज की मुख्यधारा में वापस लाना है। इसी के तहत गांव-गांव में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है और अभिभावकों से अपील की जा रही है कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें और उन्हें नशे से दूर रखें।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिंदर सिंह ने स्पष्ट कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार और सख्ती से जारी रहेगा। जो युवक नशा छोड़ना चाहते हैं, उन्हें हर संभव सहयोग देकर डी-एडिक्शन सेंटर में भर्ती कराया जाएगा, जबकि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में इस तरह के जॉइंट ऑपरेशन और तेज किए जाएंगे, ताकि नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने के साथ-साथ युवाओं को बचाया जा सके। इस दौरान डॉक्टर हरप्रीत सिंह और डॉ. रजत ने युवाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया।



.jpg)














No comments