कपूरथला में रेहड़ी वाले से गनपॉइंट पर लूट के 3 आरोपी काबू ...
- 4 दिन पहले गांव बरिंदरपुर के पास देर रात हुई थी वारदात, विरोध करने पर टांग में मारी थी गोली
- जख्मी रेहड़ी वाला अमृतसर में उपचाराधीन
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला में दो अप्रैल की देर रात कपूरथला-सुल्तानपुर लोधी रोड पर गांव बरिंदरपुर के नजदीक एक रेहड़ी वाले से गोली मारकर लूटने वाले बदमाश पुलिस ने धर दबोचे हैं। थाना सदर की पुलिस ने बदमाशों से वारदात में इस्तेमाल देसी पिस्टल, मैगजीन, 6 कारतूस व बाइक बरामद कर ली है। इसकी पुष्टि SP D हरिंदर सिंह ने करते हुए बताया कि तीनों बदमाश पेशेवर अपराधी हैं। इनके खिलाफ विभिन्न थानों में कई केस दर्ज हैं।
एसपी-डी हरिंदर सिंह गिल ने बताया कि थाना सदर की पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित राजिंदर पाल वासी औजला फाटक जग्गू शाह डेरा कपूरथला ने बताया कि वह RCF के नजदीक दुकानदारों को रेहडी पर खाने-पीने का सामान सप्लाई करता है। दो अप्रैल की रात करीब 10 बजे वह रोज की तरह काम खत्म कर घर लौट रहा था। जब वह गांव बरिंदपुर गुरुदवारा साहिब के पास पहुंचा तो पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर उसकी दिनभर की कमाई करीब 10,000 रुपये लूटने की कोशिश की, लेकिन उसके विरोध करने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उस पर गोलियां चला दीं।
इनमें एक गोली जमीन पर और दूसरी उसकी टांग के ऊपरी हिस्से में लगी। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उसे सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ड्यूटी डॉक्टर ने उसे अमृतसर रेफर कर दिया।
एसपी-डी ने बताया कि इस मामले में थाना सदर की पुलिस ने 74 नंबर एफआईआर दर्ज करके डीएसपी सब-डिवीजन डा. शीतल सिंह व थाना सदर के एसएचओ एसआई रणजीत सिंह पर आधारित टीम ने सीसीटीवी और ह्यूमन इंटेलीजेंस की मदद से आरोपियो की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
इस दौरान पुलिस आरोपियों की लोकेशन ट्रेस होने पर इन्हें दबोच लिया। जिनकी पहचान परमेश्वर सिंह उर्फ सोनू निवासी गांव अदालत चक्क न्यू कालोनी सुल्तानपुर लोधी, अविनाश उर्फ वराट निवासी काजली बाग अरोड़ा सुल्तानपुर लोधी और सुभाष उर्फ नीटा निवासी गांव लोधी भुलाना थाना सदर कपूरथला के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान इनसे वारदात में इस्तेमाल किया गया देसी पिस्टल 32 बोर, मैगजीन, 6 कारतूस और बाइक बरामद कर लिया है। एसपी-डी ने बताया कि तीनों पेशेवर अपराधी हैं। सोनू व अविनाश पर एक-एक एनडीपीएस एक्ट और नीटा पर तीन केस एनडीपीएस एक्ट और लूट के दर्ज हैं। इन सभी मामलों में तीनों जेल से जमानत पर आए हुए हैं। उन्होंने बताया कि इन लोगों ने रेहड़ी चालक की कई दिन रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया। इन्हें अदालत में पेश करके रिमांड लिया जाएगा। रिमांड दौरान कई अहम खुलासे होने की संभावना है।



.jpg)



















No comments