ब्रेकिंग न्यूज़

Breaking --- कपूरथला RCF में बड़ा हादसा टला ....

- टेस्टिंग के दौरान अनियंत्रित हुआ MEMU रेक, DMC पटरी से उतरा, सुरक्षा पर उठे सवाल  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला     

कपूरथला के रेल कोच फैक्ट्री में बुधवार को एक भयावह दुर्घटना सामने आई, जिसने फैक्ट्री प्रशासन के सुरक्षा दावों और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी अनुसार एक नवनिर्मित MEMU रेक की टेस्टिंग के दौरान भारी तकनीकी लापरवाही के चलते रेक अनियंत्रित हो गया। और अनियंत्रित रेक कोच कम्पलीशन शॉप की ओर से गुजरते हुए रास्ते में लगे भारी लोहे के दोनों गेटों को तोड़ता हुआ वेस्ट कॉलोनी की मुख्य लाइन की तरफ निकल गया। इस दौरान जोरदार टक्कर में रेक का ड्राइविंग मोटर कोच (DMC) पटरी से उतर गया।  

प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो हादसा इतना भीषण था कि उसी समय वहां से गुजर रही एक कार बाल-बाल बच गई। अगर रेक आगे बढ़ जाता, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन रेलवे की करोड़ों रुपये की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है।

वहीं RCF के सीपीआरओ अमन कुमार ने बताया कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन हादसे की गंभीरता से जांच की जा रही है।  

घटना के बाद आरसीएफ एम्पलाइज यूनियन के अध्यक्ष अमरीक सिंह और महासचिव सर्वजीत सिंह ने प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रशासन की अंधाधुंध आउटसोर्सिंग और निजीकरण की नीतियां इस हादसे की मुख्य वजह हैं। यूनियन का आरोप है कि संवेदनशील तकनीकी कार्यों में भी अप्रशिक्षित ठेका कर्मचारियों को लगाया जा रहा है, जिनके पास न तो पर्याप्त तकनीकी कौशल है और न ही सुरक्षा मानकों की समझ।

महासचिव सर्वजीत सिंह ने चेतावनी दी कि यदि इस घटना से सबक लेकर तुरंत सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो यह माना जाएगा कि अधिकारी जानबूझकर सुरक्षा से समझौता कर रहे हैं। यूनियन ने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारियों और पर्यवेक्षकों पर सख्त विभागीय कार्रवाई (D&AR) की जाए, संबंधित निजी कंपनी का टेंडर तत्काल रद्द किया जाए और टेस्टिंग व शंटिंग जैसे कार्यों में आउटसोर्सिंग पूरी तरह बंद कर केवल अनुभवी नियमित कर्मचारियों को तैनात किया जाए।

यूनियन ने साफ किया है कि यदि प्रशासन ने ठोस कार्रवाई नहीं की, तो कर्मचारियों और कॉलोनी निवासियों की सुरक्षा को लेकर बड़े स्तर पर आंदोलन और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।  

No comments