कपूरथला के किसान आलू के गिरे दाम से संकट में, ....
- 3-4 रुपये किलो बिक रही फसल, प्रति एकड़ 70 हजार तक लागत
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला जिले की सबडिवीज़न सुल्तानपुर लोधी सब्ज़ियों की खेती के बड़े केंद्र के रूप में पूरे पंजाब में जाना जाता है। यहां हर साल बड़े पैमाने पर आलू और अन्य सब्ज़ियों की खेती की जाती है और यहां तैयार होने वाला बीज पूरे भारत में मशहूर है।
लेकिन इस बार यहां के किसानों के लिए हालात बेहद मुश्किल भरे हो गए हैं। पहले बाढ़ और फिर धान तथा हल्दी की फसलों में आई बीमारियों ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया। इसके बाद किसानों ने पत्तागोभी की खेती की, लेकिन पत्तागोभी मात्र 100 रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से बिकने के कारण किसानों को निराशा हाथ लगी। अब आलू की फसल में भी किसानों को भारी घाटा उठाना पड़ रहा है।
इस समय बाजार में आलू की कीमत केवल 3 से 4 रुपये प्रति किलो चल रही है, जबकि जिन किसानों ने ठेके पर जमीन लेकर सैकड़ों एकड़ में आलू की खेती की है, उनकी लागत करीब 70 हजार रुपये प्रति एकड़ तक पहुंच गई है।
किसानों का कहना है कि बीज, खाद, दवाई, डीज़ल और मजदूरी के बढ़े हुए दामों ने उनकी कमर तोड़ दी है। इसके अलावा अगर आलू को कोल्ड स्टोर में रखना पड़े तो स्टोरेज का बढ़ा हुआ किराया भी किसानों की चिंता बढ़ा देता है। ऐसे में सैकड़ों एकड़ में आलू की खेती करने वाले किसान करोड़ों रुपये के नुकसान के साये में खड़े दिखाई दे रहे हैं।
किसानों का कहना है कि जब सरकारें बनी थीं, तब MSP को लेकर बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज जब किसान संकट में है तो उसका हाथ थामने वाला कोई नहीं है।
सुल्तानपुर लोधी के यह खेत सिर्फ फसलें ही नहीं उगाते, बल्कि किसान अपनी मेहनत, उम्मीदें और परिवार का गुजारा भी इन्हीं खेतों में बीजता है। लेकिन जब फसल औने-पौने दामों पर बिकती है और लागत तक नहीं निकलती, तो किसान के मन में निराशा पैदा होना स्वाभाविक है। किसानों का कहना है कि अगर सरकार ने समय रहते किसानों की मदद नहीं की तो आने वाले समय में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं।



.jpg)



















No comments