मोबाइल शॉप में घुसे लुटेरे, जनता ने शटर गिराकर किए बंद, 2 घंटे बाद पुलिस के हवाले ...
- लुटेरों ने शटर खुलवाने के लिए लोगों से मिन्नतें भी की
खबरनामा इंडिया कुलदीप। होशियारपुर, पंजाब
पंजाब के जिला होशियारपुर के गांव फुगलाणा में एक मोबाइल स्टोर में घुसे लुटेरों को लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए दुकान के अंदर ही बंद कर दिया। करीब दो घंटे तक लुटेरे दुकान के अंदर फंसे रहे और बाद में पुलिस के मौके पर पहुंचने पर लोगों ने शटर उठाकर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
मिली जानकारी अनुसार होशियारपुर के गांव फुगलाणा अड्डा पर स्थित एक मोबाइल शॉप में आज कुछ हथियारबंद लुटेरे घुस गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि लुटेरे दुकान में लूटपाट की नीयत से आए थे, लेकिन उनकी हरकतें देख आसपास के लोगों को शक हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुकान का शटर बाहर से गिराकर लुटेरों को अंदर ही बंद कर दिया।
हालांकि उस समय दुकान के अंदर दो युवतियां भी मौजूद थीं, जो लुटेरों के साथ ही अंदर फंस गईं। जब लुटेरों को एहसास हुआ कि वह लोगों द्वारा घेर लिए गए हैं तो उन्होंने शटर खुलवाने के लिए लोगों से मिन्नतें भी करनी शुरू कर दीं। इस दौरान वे बीच-बीच में वह धमकियां भी देते रहे। करीब दो घंटे तक लुटेरे दुकान के अंदर ही फंसे रहे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फिर लोगों ने शटर उठाकर लुटेरों को पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। जिसका फुटेज अब सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।



.jpg)



















No comments