कपूरथला के एक परिवार को नशे के विरोध की मिली सज़ा ....
- महिला से दरिंदगी की कोशिश, तस्कर ने पति-पत्नी की बेरहमी से की पिटाई, दोनों अस्पताल में भर्ती
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला की सब डिवीज़न सुल्तानपुर लोधी के थाना तलवंडी चौधरियां के अंतर्गत आते गांव से बेहद सनसनीखेज और चिंताजनक मामला सामने आया है। जहां नशा तस्करी का विरोध करने का हर्जाना एक मेहनतकश परिवार को झेलना पड़ा है। गांव की एक महिला ने अपने ही गांव के एक युवक पर नशा बेचने, उसके बच्चों को नशे की लत लगाने और विरोध करने पर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश तथा जानलेवा हमला करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।पीड़ित महिला और उसका पति टिब्बा के सरकारी अस्पताल में घायल अवस्था में उपचारधीन हैं।
पीड़ित महिला का आरोप है कि गांव का यह युवक लंबे समय से नशा तस्करी कर रहा है और नाबालिग बच्चों तक को मुफ्त नशा देकर आदी बनाता है। उसने कहा कि उसके दोनों बेटों को भी उसने नशे में फंसा दिया, जिसके कारण एक बेटे को डी-एडिक्शन सेंटर भेजना पड़ा और हर महीने भारी खर्च उठाना पड़ रहा है। महिला ने बताया कि जब उसने इस गलत काम का विरोध किया तो आरोपी पहले भी कई बार घर आकर उसकी और उसके पति की पिटाई कर चुका है।
महिला के अनुसार गत रात आरोपी उसके बेटे को घर से साथ ले गया। काफी तलाश के बावजूद बेटा नहीं मिला तो वह उसे खोजती रही। इसी दौरान आरोपी ने रास्ते में उसे घेरकर बुरी तरह पीटा, गला दबाया और कपड़े फाड़कर दुष्कर्म की कोशिश की।महिला का कहना है कि उसे सड़क पर घसीटा गया और श्मशान घाट की ओर ले जाने की भी कोशिश की गई। वह चिल्लाती रही लेकिन लोग डर के कारण आगे नहीं आए। युवक नशे में इतना धुत था कि उसे महिला की जान जाने की भी परवाह नहीं थी।
घटना का पता चलने पर जब पति ने आरोपी को रोकने की कोशिश की तो उसकी भी बेरहमी से पिटाई की गई। पति के सिर और पसलियों पर गंभीर चोटें आई हैं और हाथ-पैर ठीक से काम नहीं कर रहे।
महिला ने आरोप लगाया कि उक्त युवक गांव में खुलेआम “चिट्टा” बेचता है और जो लड़के नशा नहीं करते, उन्हें घर बुलाकर मुफ्त नशा देता है। उसका यह भी कहना है कि आरोपी के परिवार के सदस्य भी इस धंधे में शामिल हैं और गांव के कई 15-16 साल के नाबालिग बच्चे इसकी लत में फंस चुके हैं। पीड़िता के अनुसार आरोपी अक्सर धमकी देता था कि मुझे कोई नहीं रोक सकता। मैं नशा ऐसे ही बेचूंगा।
पीड़ित परिवार दिहाड़ी-मजदूरी कर जीवनयापन करता है। महिला ने कहा कि गरीबी और डर के कारण पहले पुलिस के पास जाने की हिम्मत नहीं हुई। अब घटना के बाद उसने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और गांव से नशा खत्म किया जाए ताकि अन्य मांओं के बच्चे बच सकें।
यह घटना एक बार फिर सुल्तानपुर लोधी क्षेत्र में नशे की समस्या और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। यदि आरोप सही साबित होते हैं तो यह केवल एक परिवार पर हमला नहीं, बल्कि गांव के युवाओं के भविष्य पर भी हमला माना जाएगा। पुलिस कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर अब सभी निगाहें प्रशासन पर टिकी हुई हैं।
उधर पूरे घटनाक्रम को लेकर थाना तलवंडी चौधरियां में तैनात एएसआई हरजिंदर सिंह ने कहा कि उन्हें मामले की सूचना मिल चुकी है। पति-पत्नी के एमएलआर हो चुके हैं। दोनों के बयान दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आरोपी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



.jpg)



















No comments