'आप' सरकार ने जनता और कर्मचारियों के साथ किया विश्वासघात, वादों से मुकरी -- अमरीक सिंह
- सत्ता संभालते ही सरकार का चेहरा पूरी तरह बदल गया
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
आरसीएफ (RCF) एम्प्लॉयज यूनियन के प्रधान अमरीक सिंह ने प्रेस बयान जारी करते हुए पंजाब की वर्तमान आम आदमी पार्टी सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े लोक लुभावन वादे कर सत्ता में आई यह सरकार अब अपने हर वादे से पीछे हट गई है और जनता के हितों के विरुद्ध कार्य कर रही है।
अमरीक सिंह ने विस्तृत रूप में बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान AAP ने पंजाब के किसानों, कर्मचारियों और मजदूरों को यह भरोसा दिलाया था कि उनके हकों की रक्षा की जाएगी और किसी भी वर्ग के खिलाफ दमनकारी नीति नहीं अपनाई जाएगी। परंतु सत्ता संभालते ही सरकार का चेहरा पूरी तरह बदल गया है। आज पंजाब का अन्नदाता अपने हक मांगने के लिए जब सड़कों पर उतरता है, तो यह सरकार उनके साथ संवाद करने के बजाय उन पर लाठियां बरसा रही है, जो कि लोकतंत्र के लिए बेहद शर्मनाक है।
कर्मचारियों के साथ किए गए धोखे का उल्लेख करते हुए यूनियन प्रधान ने कहा कि पुरानी पेंशन स्कीम (OPS) को लागू करने का वादा सरकार का सबसे बड़ा चुनावी हथियार था। ताज्जुब की बात यह है कि सरकार ने अब तक चार बार नोटिफिकेशन जारी करके प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को गुमराह किया है, लेकिन धरातल पर आज तक किसी भी कर्मचारी को पुरानी पेंशन का लाभ नहीं मिला। यह केवल कागजी कार्रवाई और विज्ञापनों तक सीमित रह गया है।
सरकार के तानाशाही रवैये की आलोचना करते हुए उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्र निर्माता कहे जाने वाले शिक्षक जब अपनी वेतन कटौती के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हैं, तो सरकार उनकी जायज मांगों को सुनने के बजाय उन पर बर्बरतापूर्वक ठंडे पानी की बौछारें करवाती है। शिक्षकों और कर्मचारियों का अपमान इस सरकार की कार्यशैली का हिस्सा बन चुका है। मजदूर वर्ग भी आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है क्योंकि उनकी भलाई के लिए भी कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
अंत में अमरीक सिंह ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि RCFEU पंजाब के किसानों और कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। यदि सरकार ने अपनी दमनकारी नीतियों को तुरंत बंद नहीं किया और किए गए वादे पूरे नहीं किए, तो आने वाले समय में सरकार को बड़े जन-आंदोलन का सामना करना पड़ेगा।



.jpg)



















No comments