ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला की कॉलोनी में चोरी की कोशिश नाकाम, किसान ने चोर को रंगे हाथों पकड़ा ...

- चोर को पोल से बांधकर पिटाई की, पुलिस को सौंपा 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

कपूरथला की सब-डिवीजन भुलत्थ के कस्बा नडाला के वार्ड नंबर 11 स्थित हिम्मत सिंह कॉलोनी में अलसुबह चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। यहां एक किसान ने दीवार फांदकर चोरी की नीयत से घुसे चोर को रंगे हाथों पकड़ लिया। और उसको पोल से बांधकर पिटाई की तथा पुलिस को सौंप दिया। 

इस संबंध में जानकारी देते हुए किसान बाबा बलविंदर सिंह ने बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे वह अपनी हवेली में सो रहा था। इसी दौरान बिट्टू नामक एक व्यक्ति दीवार फांदकर अंदर घुस आया और चारा कुतरने वाली मशीन पर लगी मोटर के नट खोलने लगा। किसान ने बताया कि वह पास ही बिस्तर पर लेटा हुआ पूरा घटनाक्रम देख रहा था। जैसे ही आरोपी मोटर खोलकर ले जाने लगा, उसने तुरंत उसे पकड़ लिया।

किसान के अनुसार पहले चोर की छित्तर-परेड की गई, इसके बाद उसे बरामदे में लकड़ी के एक खंभे से बांध दिया गया। बाबा बलविंदर सिंह ने यह भी बताया कि इससे पहले उसकी मोटरसाइकिल चोरी हुई थी, जो इसी व्यक्ति द्वारा की गई थी। इतना ही नहीं, 21 फरवरी की शाम को आरोपी उसके पास आकर यह कहकर गया था कि “बाबा, बहुत चोरियां हो रही हैं, हवेली का ध्यान रखना,” और आज खुद ही चोरी करते हुए पकड़ा गया।

घटना के बाद वार्ड के पार्षद सहित अन्य गणमान्य लोगों को मौके पर बुलाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर नडाला पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। 

No comments