ब्रेकिंग न्यूज़

RCFEU और IREF का 9 जुलाई की राष्ट्रव्यापी हड़ताल को पुरज़ोर समर्थन .....

- आज शाम विशाल बाइक रैली एवं रोष मार्च निकाला जायगा  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कपूरथला रेल कोच फैक्ट्री की RCFEU और इंडियन रेलवे एम्पलाइज फेडरेशन (IREF) केंद्रीय ट्रेड यूनियनों द्वारा 9 जुलाई को आहूत राष्ट्रव्यापी हड़ताल को अपना पूर्ण समर्थन देते हैं। यह हड़ताल पुरानी पेंशन योजना की बहाली, सरकार द्वारा थोपे गए 4 श्रम संहिताओं, ठेकाप्रथा के बढ़ते चलन और भारतीय रेलवे सहित अन्य सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण के विरोध में की जा रही है।  

आरसीएफ एम्पलाइज यूनियन के महासचिव सर्वजीत सिंह ने संपन्न हुई सेक्रेटेरिएट बॉडी की बैठक में कहा कि सरकार इन नए श्रम कानूनों को लागू करके कर्मचारियों को उनके अधिकारों के लिए आवाज़ उठाने से रोकने की साज़िश रच रही है। और यूनियन इस साज़िश को कभी कामयाब नहीं होने देगी।  

उन्होंने ठेका प्रथा और निजीकरण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ये नीतियां पूरी इंडियन रेलवे को दीमक की तरह खोखला कर रही हैं, जिसके लिए आंदोलन को और भी तेज़ किया जाएगा। श्री सिंह ने पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे को कर्मचारियों का एक अहम मुद्दा बताया, जिसके लिए यूनियन संघर्ष करती आ रही है और इसे लागू करवा कर रहेगी, क्योंकि यह मुद्दा कर्मचारियों के हितों से सीधा जुड़ा है।  

यूनियन के प्रधान अमरीक सिंह ने सरकार की कर्मचारी-विरोधी नीतियों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सरकार कर्मचारी विरोधी नीतियों को कर्मचारियों के ऊपर थोपने की कोशिश कर रही है, जो कि यूनियन कभी बर्दाश्त नहीं करेगी, क्योंकि कर्मचारियों के हितों में यूनियन हमेशा खड़ी रही है और खड़ी रहेगी।  

इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए RCFEU ने आज 08 जुलाई को शाम 5:30 बजे RCF परिसर में स्थित वर्कर क्लब से कॉलोनी तक एक विशाल बाइक रैली एवं रोष मार्च निकालने की घोषणा की है।  

इसके अतिरिक्त, 09 जुलाई बुधवार को सुबह 7:30 बजे डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक (वर्कशॉप चौक) पर एक ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की जाएगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की कर्मचारी-विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज़ बुलंद की जाएगी और पुरानी पेंशन योजना की बहाली, श्रम कानूनों के विरोध तथा ठेका प्रथा व निजीकरण के खिलाफ नारे लगाए जाएंगे।  

RCFEU और IREF सभी कर्मचारियों से इन विरोध कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और 9 जुलाई की राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने की अपील करते हैं। क्योंकि यह संघर्ष कर्मचारियों के भविष्य और अधिकारों की रक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

No comments