कपूरथला की युवती ओमान से वतन लौटी, सुनाई दर्दनाक आपबीती ....
- बोली -- साथी युवती ने ही फंसाया, संत सीचेवाल के प्रयासों से पहुंची वतन
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
अरब देशों में युवतियों पर हो रहे अत्याचार और उन्हें झांसे में लेकर फंसाने के मामले दिन-प्रतिदिन गंभीर रूप लेते जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला पंजाब के कपूरथला से सामने आया है, जहां एक युवती को उसकी ही सखी ने नौकरी का झांसा देकर मस्कट और खुद की वापसी के लिए, उसे ओमान बुला लिया। पीड़िता ने वापस लौटने के बाद अपनी दर्दनाक आपबीती साझा की।
राज्यसभा सांसद एवं पर्यावरण प्रेमी संत बलबीर सिंह सीचेवाल के प्रयासों से सुरक्षित लौटने के बाद युवती ने बताया कि उसकी सखी जानती थी कि उसके घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इसका फायदा उठाकर उसने अच्छे वेतन और सैलून में काम देने का लालच देकर ओमान बुला लिया।
निरमल कुटिया, सुल्तानपुर लोधी पहुंचकर पीड़िता ने खुलासा किया कि वहां के हालात लड़कियों के रहने लायक नहीं हैं। उसे वहां न केवल तय काम से अलग घरेलू काम करवाया गया बल्कि दिनभर काम कराने के बावजूद खाना तक नहीं दिया जाता था। उसके साथ बेहद अमानवीय व्यवहार किया गया।
जैसे ही वह ओमान पहुंची, उसका मोबाइल छीन लिया गया और तनख्वाह देने की बजाय उसके पास मौजूद पैसे भी ले लिए गए। जहां उसे रखा गया था, वहां कई अन्य लड़कियां भी थीं जो वापस लौटने की उम्मीद तक छोड़ चुकी थीं। पीड़िता ने अन्य लड़कियों से अपील की कि वे किसी के कहने में आकर अरब देशों में नौकरी के लिए न जाएं।
पीड़िता के साथ पहुंचे उसके परिजनों ने संत बलबीर सिंह सीचेवाल का आभार जताया और कहा कि अगर समय रहते उन्होंने कार्रवाई न की होती, तो उनकी बेटी का वीजा बढ़ाकर उसे दो वर्षों तक बंदी बनाकर रखा जा सकता था।
इस अवसर पर संत सीचेवाल ने जानकारी देते हुए कहा कि जब तक ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोहों पर सख्ती से कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक इन घटनाओं को रोका नहीं जा सकता। उन्होंने विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास का धन्यवाद किया और पंजाब के लोगों से अपील की कि ऐसे गिरोहों से सावधान रहें, जो मजबूरी और गरीबी का फायदा उठाकर लड़कियों को अरब देशों में फंसा रहे हैं।

















No comments