कपूरथला में विजिलेंस ने रिटायर्ड SMO और क्लर्क को किया गिरफ्तार ...
- कर्मचारीओ के वेतन में 14,46, 550 रुपये गबन का आरोप
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने ढिल्लवां PHC में तैनात अधिकारियों/कर्मचारियों के वेतन वितरण में घोटाले की जांच के बाद आरोपी डॉ. लखविंदर सिंह चहल (रिटायर्ड) SMO और रणजीत सिंह सीनियर सहायक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), ढिल्लवां को कपूरथला जिले में गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए ब्यूरो के एक प्रवक्ता ने बताया कि विजिलेंस जांच के दौरान पाया गया कि इस मामले में एक आरोपी राजविंदर सिंह क्लर्क पहले भी सब-डिविजनल अस्पताल, बाबा बकाला, जिला अमृतसर में वेतन धोखाधड़ी के मामले में शामिल था। इस संबंध में उसके खिलाफ वर्ष 2013 में विजिलेंस ब्यूरो पुलिस स्टेशन, अमृतसर रेंज में मामला दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि इसके बाद निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग पंजाब ने वर्ष 2016 में इस आरोपी क्लर्क को PHC ढिल्लवां में स्थानांतरित कर दिया था। डॉ. लखविंदर सिंह चाहल SMO ढिल्लवां ने उपरोक्त आरोपी के खिलाफ वेतन धोखाधड़ी से संबंधित मामला दर्ज होने की जानकारी होने के बावजूद अपने मौखिक आदेशों पर दागी क्लर्क को एक अन्य कर्मचारी रणजीत सिंह बिल क्लर्क के साथ वेतन खातों को बनाए रखने के लिए सहायक के रूप में तैनात किया था।
उन्होंने आगे बताया कि जांच के दौरान आरोपी राजविंदर सिंह क्लर्क के विभिन्न बैंकों से प्राप्त बैंक स्टेटमेंट से यह साबित हुआ है कि आरोपी ने लंबी छुट्टी पर गए कर्मचारियों के जाली वेतन और महंगाई भत्ते के बिल तैयार किए थे। जिन पर उपरोक्त आरोपी रणजीत सिंह द्वारा प्रतिहस्ताक्षर किए गए थे और SMO डॉ. चाहल द्वारा अनुमोदित किए गए थे। राजविंदर सिंह क्लर्क ने खजाना कार्यालय भुलत्थ से बिल पास करवाकर अपने निजी बैंक खातों में कुल 14,46,550 रुपये निकालकर गबन किया था।
इस सम्बन्ध में विजीलैंस ब्यूरो ने तीनों आरोपियों डॉ. चाहल, रंजीत सिंह और राजविंदर सिंह के विरुद्ध धारा 409, 467, 468, 471, 201, 120-बी आईपीसी और 13(1)ए सहपठित 13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत विजीलैंस ब्यूरो पुलिस जालंधर रेंज में मामला दर्ज किया है। डॉ. चाहल और रंजीत सिंह को बुधवार को अदालत में पेश किया गया। जहाँ से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले में आगे की जांच जारी है।















No comments