कपूरथला में चाचा ने भतीजे के सिर पर मारी ईंट, मौत .....
- खाना खाते समय किसी बात को लेकर हुआ था झगड़ा, थाना कबीरपुर में कत्ल का केस दर्ज, चाचा गिरफ्तार
- बिहार से धान बीजने के लिए आए थे गांव आहलीकलां में
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला की सब डिवीज़न सुल्तानपुर लोधी के गांव आहलीकलां में चाचा ने भतीजे के सिर पर ईंट मारकर मौत के घाट उतार दिया। रात को खाना खाते समय दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। थाना कबीरपुर की पुलिस ने कत्ल का केस दर्ज कर आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है।
SP नारकोटिक्स मनजीत सिंह ने बताया कि जन्म मुखिया और रघुनाथ मुखिया निवासी गांव अदलपुरा जिला सीतागढ़ी बिहार दोनों चाचा-भतीजा हैं। दोनों सुल्तानपुर लोधी के गांव आहलीकलां में किसान रणजीत सिंह के खेत में धान बोने के लिए आए हुए थे और किसान की मोटर पर ही रहते थे।
4 जुलाई की रात को धान का काम करने के बाद दोनों खाना खा रहे थे कि किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस पर तैश में आए चाचा जन्म मुखिया ने अपने 35 वर्षीय भतीजे रघुनाथ मुखिया के सिर पर ईंट मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उसे तुरंत अस्पताल भर्ती करवाया गया।
एसपी मनजीत सिंह के अनुसार 5 जुलाई की रात को रघुनाथ की इलाज दौरान मौत हो गई। थाना कबीरपुर की पुलिस ने रघुनाथ के पिता के बयान पर आरोपी जन्म मुखिया के खिलाफ कत्ल का केस दर्ज करके उसको गिरफ्तार कर लिया है।
No comments