ब्रेकिंग न्यूज़

बड़ी खबर ---- बिना ड्राइवर के मालगाड़ी जम्मू से पहुंची पंजाब .. ??

- कई स्टेशनों पर रोकने की कोशिश रही असफल, 78 किलोमीटर तक दौड़ती रही मालगाड़ी 

ऊंची बस्सी रेलवे स्टेशन पर लकड़ी के स्टॉपर लगाकर रोका गया, बड़ा हादसा टला    

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। पंजाब    

रेलवे से जुडी बड़ी खबर सामने आई है। आज मालगाड़ी न.14806R बिना ड्राइवर-गार्ड के चल कर जम्मू-कश्मीर के कठुआ से पंजाब पहुंच गई। यह मालगाड़ी बिना ड्राइवर के करीब 78 किलोमीटर तक ऐसे ही दौड़ती रही। जिसको होशियारपुर के ऊंची बस्सी रेलवे स्टेशन पर लकड़ी के स्टॉपर लगाकर रोका गया। हालाँकि कोई भी दुर्घटना होने से बच गई है। वहीँ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जांच के आदेश दिए हैं।  

जानकारी अनुसार कठुआ रेलवे स्टेशन पर ड्राइवर मालगाड़ी का इंजन स्टार्ट कर बिना हैंड ब्रेक लगाए नीचे उतर गया। और पठानकोट की तरफ ढलान होने के कारण मालगाड़ी अपने आप चल पड़ी। रेलवे के अधिकारियों को मालगाड़ी के चलने का पता चला तो उसे कठुआ रेलवे स्टेशन पर रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। कुछ देर में मालगाड़ी ने रफ्तार पकड़ ली। बताया जा रहा है कि देखते ही देखते मालगाड़ी की रफ्तार 80/KM प्रति घंटे तक पहुंच गई।   

कठुआ रेलवे स्टेशन के अधिकारियों ने तुरंत पंजाब के पठानकोट में सुजानपुर रेलवे स्टेशन अधिकारियों से संपर्क किया। वहां भी ट्रेन रोकने की कोशिश की और रेलवे लाइन पर स्टॉपर लगाए गए। लेकिन कोशिश विफल रही और मालगाड़ी स्टेशन क्रॉस कर गई। इसके बाद मालगाड़ी को पठानकोट कैंट, कंडरोड़ी, मीरथल, बंगला और मुकेरियां में भी रोकने की कोशिश की गई।  

वहीँ धीरे-धीरे मालगाड़ी की रफ्तार कम होती चली गई। आखिर होशियारपुर के ऊंची बस्सी रेलवे स्टेशन पर लगाए गए लकड़ी के स्टॉपर से मालगाड़ी रुक गई।    

जम्मू रेलवे डिवीजन ट्रैफिक मैनेजर अनुसार घटना का कारण जानने की कोशिश की जा रही है। भविष्य में इसी तरह की घटनाओं को रोकने के लिए किसी भी संभावित सुरक्षा चूक की पहचान करने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारी ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने, नियमित रखरखाव जांच और उचित ट्रेन ब्रेक और सिग्नलिंग सिस्टम सुनिश्चित करने जैसे एहतियाती कदम उठा रहे हैं।  

No comments