कपूरथला में सड़क किनारे कार में AAP नेता का शव मिलने के मामले में पत्नी सहित 2 पर FIR.....
- आरोपी महिला से 12 वर्ष पहले मृतक की हुई थी शादी
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला
कपूरथला के भुलत्थ में AAP नेता का सड़क किनारे कार में शव मिलने के मामले में थाना भुलत्थ पुलिस ने मृतक की इंग्लैंड वासी पत्नी समेत दो लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की पत्नी इस समय इंग्लैंड में है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है।
थाना भुलत्थ की पुलिस को दिए बयान में AAP नेता मृतक सुखबीर सिंह के पिता अवतार सिंह निवासी गांव गिल थाना नकोदर जिला जालंधर ने बताया कि उसका बेटा सुखबीर सिंह गांव डल्ला सुल्तानपुर लोधी में किसी रिश्तेदारी के विवाद समाराेह में शरीक होने के लिए खिंडा रिजोर्ट गया था। जहां से करीब शाम चार बजे वह हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी टुरना वासी गिल की स्विफ्ट कार लेकर गुरजिंदर सिंह वासी गांव भतीजा करतारपुर के पास गया था, जोकि उसे काफी दिन से फोन करके मिलने के लिए बुला रहा था।
अवतार सिंह ने बताया कि उसके घर गांव का ही कुलविंदर सिंह आया और कहने लगा कि सुखबीर सिंह की तबियत ठीक नहीं है और वह भुलत्थ के सिविल अस्पताल में भर्ती है। फिर हम दोनों भुलत्थ पहुंचे तो देखा कि वहां पर सुखबीर सिंह स्ट्रेचर पर पड़ा था और डाक्टर ने बताया कि उसकी मौत हो चुकी है।
अवतार सिंह ने आरोप लगाया कि उसके बेटे की मौत की वजह यह है कि उसका बेटा सुखबीर सिंह करीब 12 साल पहले इंग्लैंड गया था और वहां पर पहले से रह रही गुरबख्श कौर वासी गांव गिल थाना नकोदर के पास रह रहा था। उसने बताया कि गुरबख्श कौर का पहले विवाह गांव सिधवां दोनां कपूरथला में हुआ था। जिससे उसे दो बेटे हुए। उसके पति की मौत हो गई तो उसने अमृतसर के एक व्यक्ति से विवाह कर लिया, जो पहले इंग्लैंड रहता था। दोनों विवाह के बाद इंग्लैंड चले गए। फिर उसका बेटा सुखबीर सिंह 2013 में डिपोर्ट हो गया।
इस दौरान गुरबख्श कौर का इंग्लैंड में अपने पति से तलाक हो गया और वह भी इंडिया आ गई और उसके बेटे से विवाह कर लिया। काफी समय इंडिया में रहने के बाद वह वापस इंग्लैंड चली गई। फिर आठ माह पहले गुरबख्श कौर अपने परिवार के साथ इंडिया आई और गुरजिंदर सिंह निवासी गांव भतीजा करतारपुर के पास रहने लग पड़ी और कुछ दिन बाद गुरबख्श कौर फिर इंग्लैंड चली गई। उसने आरोप लगाया कि गुरबख्श कौर व गुरजिंदर सिंह उसके बेटे पर तलाक देने के लिए दबाव डाल रहे थे।
इसलिए ही एक दिसंबर की रात को ही गुरजिंदर सिंह ने आपस में बातचीत की थी और उसके बेटे सुखबीर सिंह को गुरबख्श कौर व गुरजिंदर सिंह ने हमसलाह होकर शराब में जहर मिलाकर पिला दी या फिर किस से उसे मरवा दिया है। थाना भुलत्थ की पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर इंग्लैंड रह रही मृतक की पत्नी गुरबख्श कौर व गुरजिंदर सिंह के खिलाफ कत्ल का केस दर्ज कर लिया है।















No comments