ब्रेकिंग न्यूज़

पंजाब के कपूरथला जिले से पूर्व कांग्रेस MLA को फर्जी ED अधिकारी बनकर धमकाने वाला काबू ... ??

- व्हाटसप पर कॉल कर झूठे मामले में फ़साने और बचाने हेतू 3 करोड़ की मांग की थी    

- पुलिस ने ट्रैप लगाकर पैसे वसूलने आ रहे नकली ईडी अफसर को दबोचा    

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला     

पंजाब के कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी क्षेत्र से पूर्व कांग्रेस विधायक नवतेज सिंह चीमा से फर्जी ईडी अफसर बनकर 3 करोड़ रुपये मांगने वाले आरोपी जिला पुलिस ने काबू किया है। पूर्व विधायक चीमा ने जिला पुलिस को शिकायत दी तो पुलिस ने ट्रैप लगाकर पैसे वसूलने आ रहे नकली ईडी अफसर को तलवंडी चौधरियां पुल के पास दबोच लिया। और थाना सुल्तानपुुर लोधी में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।  

SSP कपूरथला ने बताया कि सुल्तानपुर लोधी के पूर्व विधायक नवतेज सिंह चीमा ने शिकायत दी कि कोई अज्ञात व्यक्ति मोबाइल नेटवर्क व वाट्सएप पर खुद को ईडी अधिकारी बता कर उसे क्रिमिनल केस में फंसाने और फिर उक्त मामले से निकलवाने में मदद करने के एवज में दबाव बनाकर 3 करोड़ रुपये की मांग कर रहा है। और बार-बार फोन करके उसे परेशान कर रहा है। 

इस पर जिला पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी डी व डीएसपी सुल्तानपुर लोधी के नेत्रत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने मामले की गंभीरता से तफ्तीश शुरू की और सुल्तानपुर लोधी में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने विभिन्न कोणों पर जांच बढ़ानी शुरू कर दी। 

तकनीकी तौर पर कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए उस तक पहुंच बनाकर तलवंडी चौधरियां पुल सुल्तानपुर लोधी के पास आरोपी को दबोच लिया। जब आरोपी फोन पर बात करते हुए पैसे वसूलने के लिए आया। नकली ईडी अफसर की पहचान अमन शर्मा वासी मोहल्ला नेहरू कालोनी मजीठा रोड अमृतसर के तौर पर हुई है। 

एसएसपी ने बताया कि इस समय प्रदेश में सियासी हस्तियों से फोन कर पैसे मांगने के नाम पर धमकी भरे कॉल आ रहे हैं। पूर्व विधायक नवतेज सिंह चीमा के केस में खुद को ईडी बताने वाले अमन शर्मा को गिरफ्तार कर केस का पर्दाफाश किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ का दौर जारी है। उससे यह जानने की कोशिश की जा रह है कि उसने और कितने सियासी नेताओं को पैसे ऐंठने के लिए फोन किए हैं। 

इस मामले में और कोई शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसएसपी ने बताया कि आरोपी अमन शर्मा का भाई गौरव शर्मा उर्फ गोरा भी इसी तरह से कई लीडरों को फोन करके पैसों की वसूली करता रहा है। जिसके बारे में पता लगने पर उसे जयपुर (राजस्थान) से गिरफ्तार किया गया। जोकि इस समय जेल में बंद है। उन्होंने बताया कि आरोपी अमन शर्मा निजी तौर पर अमृतसर कचहरी में काम करता हैै।  




No comments