कपूरथला में पॉश रिहायशी क्षेत्रों में बन रही कमर्शियल इमारतें खतरे की घंटी, पढ़ें क्यों. ... ??
- नॉर्थ इंडिया के सेना भर्ती बोर्ड सेंटर के नजदीक कमर्शियल इमारतें सेंटर की सुरक्षा के लिए बन सकती है खतरा -- वेलफेयर सोसाइटी
- क्षेत्र वसियों ने रक्षा मंत्री तथा सीएम पंजाब को पत्र लिखकर हस्तक्षेप करने की है मांग
- रिहायशी क्षेत्रों में कमर्शियल इमारतों के प्रति प्रशासन बना मूकदर्शक
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला, पंजाब
पंजाब के ऐतिहासिक शहर कपूरथला में मॉल रोड, सनी साइड व वसंत विहार पॉश रिहायशी क्षेत्रों में बन रही कमर्शियल इमारतें भविष्य में देश की सुरक्षा के लिए खतरे का सूचक है। क्योंकि उक्त क्षेत्र में पंजाब का एकमात्र सैनिक स्कूल तथा नॉर्थ इंडिया सेना भर्ती बोर्ड सेंटर भी मौजूद है। वसंत विहार वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों ने इस संबंध में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा सीएम पंजाब को भी पत्र लिखा है। सोसायटी सदस्यों ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि प्रशासन इन व्यवसायिक इमारतों के प्रति शिकायत के बावजूद गंभीरता नहीं दिखा रहा है। जल्दी ही अगर प्रशासन द्वारा कोई कदम नहीं उठाया गया तो वेलफेयर सोसाइटी अदालत की शरण में भी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जब की पंजाब के एकमात्र सैनिक स्कूल को कुछ वर्ष पहले रेकी के बाद धमकी भी मिल चुकी हैं और कमर्शियल इमारतें बनने के बाद नॉर्थ इंडिया सेना भर्ती बोर्ड के सेंटर की सुरक्षा भी खतरे में आ सकती है।
वसंत विहार वेलफेयर सोसाइटी के उप प्रधान तिलक राज अग्रवाल ने बताया कि माल रोड कपूरथला के ऐतिहासिक शहर की शान है और पिछले लगभग 1 साल से नियमों को ताक पर रखकर कमर्शियल इमारतों का निर्माण इस क्षेत्र में किया जा रहा है। जिस के संदर्भ में नगर निगम और जिला प्रशासन ने उदासीन रवैया अपनाया हुआ है।
उन्होंने बताया कि माल रोड पर ही स्थित सैनिक स्कूल के प्रशासक मेजर जेबीएस बैग ने भी नगर निगम अधिकारियों से मिलकर स्कूल के किनारे अवैध कमर्शियल निर्माण को लेकर अपनी और रक्षा मंत्रालय की चिंता को जाहिर किया था लेकिन निगम अधिकारियों पर इसका भी कोई असर नहीं हुआ।
हाल ही में डीसी चौक के कॉर्नर पर एक कमर्शियल इमारत का निर्माण शुरू हुआ है। जो डीसी निवास तथा सेना भर्ती बोर्ड सेंटर से कुछ ही दूर है। इस सेंटर में देश के कई हिस्सों से आने वाले सेना अधिकारियों का चयन तथा प्रशिक्षण होता है। इस सेंटर के नजदीक कमर्शियल बहुमंजिला इमारतों के बनने से कोई भी अपराधिक तत्व इन इमारतों के जरिए इन पर नजर रख सकते है। और कॉर्नर पर होने के कारन एक्सीडेंट जोन मैं भी तब्दील होने के आसार है। इन्हीं समस्याओं तथा सेंटर की सुरक्षा को देखते हुए सोसाइटी के पदाधिकारियों ने सिलेक्शन सेंटर के कमांडिंग ऑफिसर तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को इसके संबंध में शिकायत भी भेज दी है।
क्षेत्रवासी तिलक राज अग्रवाल ने बताया कि कमर्शियल इमारतों की हो रही वृद्धि के कारण रिहायशी क्षेत्र के लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। तथा पार्किंग की सुविधा न होने के कारण भी पूरी तरह से सड़क पर जाम लगा रहता है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रशासन को कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई निष्कर्ष नहीं निकल रहा है।
इस मौके पर सोसायटी के सचिव पीएस वालिया व तिलक राज अग्रवाल, मनोज चोपड़ा, मनीष गुप्ता, हरीश वधवा, श्याम सुंदर अग्रवाल, रमेश शर्मा, एचएस रंधावा आदि क्षेत्रवासी मौजूद थे।














No comments