ब्रेकिंग न्यूज़

ठंड में थोड़ी सी लापरवाही, कोरोना का विकराल दिखा सकती है - स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन

घरेलू स्तर पर अगले वर्ष जुलाई तक वैक्सीन आने की उम्मीद 


खबरनामा इंडिया ब्यूरो। नई दिल्ली  

ठंड के मौसम और फेस्टिवल सीजन में हल्की सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। उक्त शब्द केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने रविवार को कहे और बताया कि ऐसे मौसम में कोरोना संक्रमण के बढ़ने का खतरा अधिक हो सकता है। इसलिए ऐसे समय में सभी को बेहद सावधानी बरतने की जरूरत होगी। 

डॉ. हर्षवर्धन ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने 5 वें संडे संवाद कार्यक्रम में लोगों से सीधा संवाद करते हुए कहा  SARS Cov 2 एक रेस्पिरेटरी वायरस है और ऐसे वायरस को ठंड के मौसम में बढ़ने के लिए जाना जाता है। रेस्पिरेटरी वायरस ठंड के मौसम और कम आर्द्रता की स्थिति में ज्यादा बढ़ते हैं।

उन्होंने कोरोना वैक्सीन का अपडेट देते हुए बताया कि अलग-अलग वैक्सीन का ट्रायल अभी फेज-1, फेज-2, फेज-3 में चल रहा है। इसके रिजल्ट आने बाकी हैं। इसलिए केंद्र सरकार ने अभी कोई ऐसा फैसला नहीं लिया है जिसके मुताबिक वैक्सीन के इमरजेंसी यूज शुरू किए जा सकें। 

उन्होंने यह भी कहा कि सर्दी के मौसम में आवासीय इलाकों में लोग ज्यादा एकत्र  होते हैं। इससे मामले बढ़ सकते हैं। इसलिए भारतीय संदर्भ में, यह मानना गलत नहीं होगा कि सर्दी के मौसम में कोरोना मामलों की संख्या में वृद्धि हो सकती है। डॉ. हर्षवर्धन ने ब्रिटेन का उदाहरण दिया। जहाँ ठंड के मौसम में कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि देखी गई।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आप इसे मेरी चेतावनी समझ लें या फिर सलाह, लेकिन अगर त्योहारों के दौरान हमने लापरवाही बरती तो कोरोना फिर से विकराल हो जाएगा। इसलिए त्योहारों के दौरान दो गज की दूरी और मास्क है जरूरी के नियमों का पालन जरूर करें। बाहर जाने के बजाय घर पर रहकर परिवार के साथ त्योहार मनाएं।

उन्होंने यह भी बताया कि देश में कोरोना वैक्सीन पर वैज्ञानिकों की हाई कमेटी टीम काम कर रही है। उम्मीद है कि घरेलू स्तर पर अगले वर्ष जुलाई तक वैक्सीन आ सकती है। वैक्सीन सभी के लिए उपलब्ध कराने के लिए सरकार का फोकस होगा। शुरुआत में इसे ज्यादा जरूरतमंदों को दी जाएगी।

No comments