विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की ‘नशामुक्त पंजाब यात्रा’ शुरू....
- राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पठानकोट से किया आगाज, हेल्पलाइन नंबर 97149-02027 जारी
खबरनामा इंडिया बबलू। पंजाब
पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने नशे के खिलाफ ‘नशामुक्त पंजाब यात्रा’ की शुरुआत कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पठानकोट से इस अभियान का आगाज करते हुए नशे के खिलाफ हेल्पलाइन नंबर 97149-02027 जारी किया। इस दौरान ‘नशामुक्त पंजाब’ अभियान का पोस्टर भी जारी किया गया।
नितिन नवीन ने कहा कि पंजाब ने देश के हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाई है, लेकिन आज नशे का मुद्दा ऐसा है, जिसकी आवाज और दर्द हर घर में सुनाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि एक मां ने नशे के कारण अपने पांच बेटे खो दिए। अब भाजपा का संकल्प नशा माफिया के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि वह श्री गुरु गोबिंद सिंह की धरती पटना से एक संदेश लेकर पंजाब पहुंचे हैं कि प्रदेश में नशामुक्ति अभियान को आगे बढ़ाया जाए और इसे जनआंदोलन की ताकत दी जाए। उन्होंने कहा कि पठानकोट की धरती पर वह केवल यात्रा का शुभारंभ करने नहीं, बल्कि पंजाब में नशे के खिलाफ नई लड़ाई को संकल्प के साथ शुरू करने आए हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश को लेकर पार्टी पंजाब के लोगों के बीच पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2 अगस्त को नशे के खिलाफ अभियान शुरू करते हुए लोगों से नशा छोड़कर आगे बढ़ने की अपील की थी और इस लड़ाई की शुरुआत पंजाब से करने की बात कही थी, क्योंकि प्रदेश का युवा और भविष्य नशे के कारण प्रभावित हो रहा है।
भाजपा के अनुसार, यह यात्रा 13 दिनों में करीब 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। यात्रा का समापन 30 सितंबर को जालंधर में होने वाली रैली के साथ होगा, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की बात कही गई है।
पठानकोट के बाद 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब, 20 सितंबर को फाजिल्का और 21 सितंबर को तलवंडी साबो से भी इसी अभियान के तहत रथयात्रा शुरू की जाएगी।

.jpeg)

.jpg)







.jpeg)














No comments