कपूरथला में कनाडा भेजने के नाम पर 27.69 लाख की ठगी ...
- इमीग्रेशन कंपनी के चार लोगों पर FIR
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला सैनिक स्कूल के एक अध्यापक के बेटे को कनाडा में सेटल करवाने का झांसा देकर चंडीगढ़ की एक इमीग्रेशन सर्विस कंपनी द्वारा 27.69 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित अध्यापक की शिकायत के बाद थाना सिटी कपूरथला पुलिस ने इमीग्रेशन सेंटर के संचालक समेत चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सैनिक स्कूल के अध्यापक मनोहरलाल चंदेल ने बताया कि उनके बेटे प्रज्वल चंदेल को कनाडा में पक्का करवाने के लिए उन्होंने सन कास्ट इमीग्रेशन सर्विस के संचालक अरविंदर सिंह और उसके तीन साथियों से संपर्क किया था। आरोप है कि कनाडा में सेटल करवाने का भरोसा देकर आरोपियों ने उनसे कुल 27 लाख 69 हजार 515 रुपये की रकम हासिल कर ली।
शिकायतकर्ता के अनुसार, रकम लेने के बाद काफी समय बीत जाने के बावजूद आरोपियों ने न तो उनके बेटे को कनाडा में पक्का करवाया और न ही उनकी रकम वापस की। जब उन्होंने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे तो कथित तौर पर उन्हें जान-माल का नुकसान पहुंचाने की धमकियां भी दी गईं।
मामले की जांच कर रहे एएसआई बलदेव सिंह ने बताया कि मनोहरलाल चंदेल के बयानों के आधार पर पुलिस ने सन कास्ट इमीग्रेशन सर्विस के मालिक अरविंदर सिंह, गुरदीप सिंह, बाघा पुराना निवासी डेविड अरोड़ा पुत्र केवल कुमार तथा चंडीगढ़ निवासी बलजिंदर सिंह पुत्र मदनलाल के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करने के साथ-साथ आरोपियों से संबंधित दस्तावेजों और पैसों के लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि विदेश भेजने और कनाडा में सेटल करवाने के नाम पर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे मामलों में पुलिस लोगों से अपील करती है कि किसी भी इमीग्रेशन एजेंट को रकम देने से पहले उसके लाइसेंस, पंजीकरण और दावों की पूरी तरह जांच कर लें।



.jpg)







.jpeg)














No comments