कपूरथला में मेयर चुनाव की तैयारियां पूरी ....
- हैंड रेज़ प्रक्रिया से डिविजनल कमिश्नर की देखरेख में कल होगा का चुनाव, पार्षदों की 'गायब' होने की चर्चाएं तेज
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला
कपूरथला नगर निगम के मेयर चुनाव को लेकर शहर का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्माया हुआ है। एक ओर पार्षदों के जोड़-तोड़ की चर्चाएं तेज हैं, वहीं दूसरी ओर नगर निगम प्रशासन ने 8 जुलाई को होने वाले मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
नगर निगम कमिश्नर अनुपम कलेर ने बताया कि यह चुनाव डिविजनल कमिश्नर अजय बुबलानी की देखरेख में कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच करवाए जाएंगे। पूरी चुनाव प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई जाएगी तथा पार्षदों द्वारा हाथ उठाकर (\हैंड रेज़) मतदान की प्रक्रिया के माध्यम से चुनाव संपन्न कराया जाएगा।
गौरतलब है कि 5 जुलाई को नगर निगम के नव-निर्वाचित पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह और मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर तथा डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए 8 जुलाई को निगम के मीटिंग हॉल में दोपहर बाद 3 बजे बैठक बुलाए जाने का नोटिफिकेशन जारी किया गया था। इसके बाद से शहर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
बता दे कि नगर निगम के 50 पार्षदों में कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल लगातार बनी हुई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि नोटिफिकेशन जारी होने में हुई देरी और सत्ता पक्ष के नेताओं की बढ़ी सक्रियता के चलते कांग्रेस खेमे में सेंधमारी की कोशिशें हो सकती हैं। वहीं सूत्रों की माने तो कांग्रेस पार्षदों का एक गुट नाराजगी के दौर से गुजर रहा है। और वह सत्ता पक्ष के साथ जुड़कर कोई नया धमाका कर सकता है।
इसी बीच नोटिफिकेशन जारी होने के बाद से कई पार्षद सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आ रहे हैं और उनके मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहे हैं। इसे लेकर शहर में तरह-तरह की राजनीतिक चर्चाएं और अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, किसी भी दल या प्रशासन की ओर से इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।



.jpg)







.jpeg)














No comments