ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला नंबर की स्कॉर्पिओ में अचानक लगी आग, ड्राइवर जिन्दा जला ....

डियोड्रेंट या स्प्रे फटने से आग लगने की आशंका, गाड़ी अनियंत्रित होकर खंभे से टकराई 

- फायर बिर्गेड ने रेस्क्यू चलाया, पुलिस जाँच में जुटी   

खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला       

कपूरथला नंबर की स्कॉर्पिओ गाड़ी में जालंधर क्षेत्र में अचानक आग लगने की खबर है। जिस घटना में ड्राइवर की जिंदा जलने से मौत हो गई है। हालाँकि लोगों ने आग बुझाकर ड्राइवर को बचाने की कोशिश की लेकिन आग इतनी भयानक थी कि आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड भी बुलानी पड़ी है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने काफी मशक्क्त के बाद आग पर काबू पाया तो अंदर से ड्राइवर की जली हुई लाश बरामद की। पुलिस ने जली हुई लाश और स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। 

प्राथमिक जांच में ज्ञात हुआ है कि आग लगते ही स्कॉर्पियो के दरवाजे लॉक हो गए, जिस वजह से ड्राइवर बाहर नहीं निकल पाया। पुलिस के अनुसार आशंका है कि गाड़ी में रखा डियोड्रेंट या स्प्रे फटा होगा, जिस से आग लगी होगी।  

पुलिस के मुताबिक उन्हें सूचना मिली कि गांव फोलड़ीवाल में खेतों में बने छप्पड़ के पास एक चलती स्कॉर्पियो (PB-09-R-3688) में आग लग गई। जिसके बाद आसपास के लोगों ने वहां पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग इतनी भयानक थी कि पुलिस और फायर ब्रिगेड को बुलाना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुँच गाड़ी की नंबर प्लेट से पता चला कि स्कॉर्पियो कपूरथला नंबर की है। जिसके बाद गाड़ी के मालिक की पहचान के लिए जाँच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मरने वाले का शव काफी जल चुका है। आग की वजह से स्कॉर्पियो से कोई ऐसी चीज नहीं मिली, जिससे मृतक की पहचान हो सके। इस वजह से अब पुलिस गाड़ी के नंबर के आधार पर जाँच कर रही है। 

वहीँ फोलड़ीवाल चौकी इंचार्ज जसवीर सिंह के अनुसार आग चलती गाड़ी में लगी है। शुरूआती जांच में लग रहा है कि गाड़ी के भीतर शीशे के पीछे रखा कोई स्प्रे ब्लास्ट हुआ होगा, जिससे कार में अचानक आग लग गई और गाड़ी अनियंत्रित होकर ओवरस्पीड होते हुए सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई। और सीधे नजदीक ही पानी से भरे धान के खेतों में जा गिरी। 

दुर्भाग्यवश कार चालक इस भयावह स्थिति में खुद को बाहर नहीं निकाल पाया और जलकर उसकी दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था और गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। 

पुलिस के अनुसार स्कॉर्पिओ नंबर के आधार पर गाड़ी गुरप्रीत सिंह के नाम पर दर्ज है। जिसके पते की जाँच की जा रही है।  

No comments