ब्रेकिंग न्यूज़

कपुरथला में दीवार फाड़कर घर में घुसे चोर, लाखों रुपए के नगदी और गहने की चोरी ....

- किसान संगठन ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कपूरथला के गांव खानेवाल में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने भारतीय किसान यूनियन एकता (डकौंदा) के सक्रिय नेता जसवीर सिंह के घर में सेंध लगाकर लाखों रुपये के सोने के गहने और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके और किसान संगठन में भारी रोष पाया जा रहा है। 

पीड़ित जसवीर सिंह पुत्र गुरदेव सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 मई की रात परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने कमरे की पिछली दीवार फाड़कर घर में प्रवेश किया। आरोपियों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 15 तोले सोने के आभूषण, 15 हजार रुपये की नकदी और लगभग 15 नए लेडीज सूट चोरी कर लिए।

पीड़ित ने बताया कि उनकी बेटी मनप्रीत कौर इंग्लैंड से आई हुई थी और चोरी हुए गहनों में उसका भी काफी सामान शामिल था। घटना का पता सुबह लगने पर परिवार में हड़कंप मच गया। 

घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय किसान यूनियन एकता (डकौंदा) के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार के साथ एकजुटता जताई। संगठन के नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार का सामान बरामद किया जाए। 

किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने मामले में लापरवाही बरती या चोरों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो संगठन संघर्ष तेज करने के लिए मजबूर होगा। 

फिलहाल थाना सदर कपूरथला पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

No comments