कपूरथला में मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, घायल युवक की मौत ....
- परिजनों ने थाने के बाहर दिया धरना, CCTV फुटेज आई सामने, FIR दर्ज
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला के बेगोवाल क्षेत्र में युवकों के बीच मामूली विवाद उस समय हिंसक झड़प में बदल गया जब तेजधार हथियारों से किए गए हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। सूचना मिलते ही बेगोवाल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक युवक की पहचान हरप्रीत सिंह पुत्र हरभजन सिंह निवासी बालापीर, बेगोवाल के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार बेगोवाल के पार्क के नजदीक कुछ युवको में हुई झड़प के दौरान हरप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे उपचार के लिए बेगोवाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे जालंधर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मौके पर पहुंचे डीएसपी गगनदीप सिंह घुम्मन ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
वहीं बेगोवाल पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों और समर्थकों ने थाने के बाहर धरना देकर न्याय की मांग की। परिवार का आरोप है कि हत्या के आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस अभी तक उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई है। परिजनों ने प्रशासन से मांग की कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि परिवार को इंसाफ मिल सके।



.jpg)




















No comments