ब्रेकिंग न्यूज़

धुस्सी बांध की मजबूती के लिए 5 गांवों ने सीचेवाल का आभार जताया ....

- बाढ़ का खतरा बना रहता है गिद्दड़पिंडी पुल के नीचे जमा मिट्टी से  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला     


मंड क्षेत्र के पांच गांवों के लोगों ने राज्यसभा सदस्य और पर्यावरण प्रेमी संत बलबीर सिंह सीचेवाल का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से सतलुज दरया.के धुस्सी बांध के संवेदनशील हिस्से को पत्थर लगाकर मजबूत किया जा रहा है। 

सुल्तानपुर लोधी स्थित निर्मल कुटिया में पहुंचे गांव जानियां, जानियां चहल, महाराजपुर, गट्टा मुंडी कासू और लखू दीयां छन्ना के लोगों ने बताया कि गिद्दड़पिंडी रेलवे पुल के नीचे हर बरसात में जमा होने वाली गाद के कारण बाढ़ का खतरा बना रहता है। लोगों ने मांग की कि इस गाद को भी जल्द से जल्द हटाया जाए। 

इन गांवों के पंचों, सरपंचों, नंबरदारों और किसान नेताओं ने संत सीचेवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार मंड क्षेत्र में बांध को मजबूत करने के लिए इतनी बड़ी मात्रा में पत्थर पहुंचते देखे हैं। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में मेजर सिंह (जानियां), सरपंच देशराज (महाराजपुर) और गुरमुख सिंह (गट्टा मुंडी कासू) सहित अन्य लोग शामिल थे। 

लखू दीयां छन्ना से आए बाढ़ प्रभावित लोगों ने बताया कि उनके आसपास के गांवों के लोग हर बरसात के समय डर के साए में दिन बिताते हैं। उन्होंने कहा कि जब भी बाढ़ आती है, तबाही मचा देती है, जिसका दर्द वे कई बार झेल चुके हैं। 2008, 2019 और 2023 की बाढ़ के दौरान संत सीचेवाल ने उनका साथ दिया था। वहीं 2025 में भी सतलुज दरया के धुस्सी बांध को हो रहे भारी नुकसान को रोकने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

लोगों ने यह भी कहा कि संत सीचेवाल ने उनके क्षेत्र के मुद्दों को पंजाब के मुख्यमंत्री के सामने गंभीरता से उठाया। 

ड्रेनेज विभाग के एक्सियन सरताज सिंह ने बताया कि धुस्सी बांध के लगभग 2200 फुट लंबे संवेदनशील हिस्से को पत्थर लगाकर मजबूत किया जा रहा है। यहां करीब 10 स्टड लगाए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर स्पर बनाने की योजना भी है। 

इस मौके पर गांव मेहराज वाले से सुरिंदर सिंह, बलविंदर सिंह, अमरजीत सिंह, हरनेक सिंह, सरबजीत सिंह, गुरनाम सिंह, दलीप सिंह जोगा सिंह और गांव गट्टा मुंडी कासू से गुरमुख सिंह, काबल सिंह, बलविंदर सिंह, जरनैल सिंह समेत इलाके के लोग मौजूद थे। 

No comments