ब्रेकिंग न्यूज़

RCF कपूरथला में 46वीं रेलवे महिला हॉकी चैम्पियनशिप में नॉर्दर्न रेलवे विजेता ....

- सेंट्रल रेलवे की दिव्या थेपे फाइनल मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला   

कपूरथला के RCF में आयोजित 46वीं अखिल भारतीय रेलवे महिला हॉकी चैम्पियनशिप सफलतापूर्वक संपन्न हुई।  जिसमे रोमांचक फाइनल मुकाबले में नॉर्दर्न रेलवे ने सेंट्रल रेलवे को 2–0 से पराजित कर चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम किया है। 

कड़े मुकाबले वाले फाइनल में नॉर्दर्न रेलवे की टीम ने 14वें मिनट में बढ़त बनाई, जब कनिका सिवाच ने फील्ड गोल किया। इसके बाद 49वें मिनट में मंजू ने पेनल्टी कॉर्नर के माध्यम से गोल कर टीम को निर्णायक 2–0 की बढ़त दिलाई। सेंट्रल रेलवे की दिव्या थेपे को फाइनल मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। इससे पूर्व तीसरे स्थान के मुकाबले में मेजबान RCF कपूरथला ने साउथ ईस्टर्न रेलवे, कोलकाता को 1–0 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। मैच के 54वें मिनट में अन्नू ने पेनल्टी स्ट्रोक के जरिए निर्णायक गोल किया। 

इस प्रतिष्ठित चैम्पियनशिप में जोनल रेलवे एवं प्रोडक्शन यूनिट्स की कुल नौ टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता को अधिक प्रतिस्पर्धात्मक बनाने हेतु टीमों को दो पूलों में विभाजित किया गया। पूल–ए में सेंट्रल रेलवे मुंबई, साउथ ईस्टर्न रेलवे कोलकाता, वेस्टर्न रेलवे मुंबई, नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे गोरखपुर तथा ईस्ट सेंट्रल रेलवे हाजीपुर शामिल थे, जबकि पूल–बी में मेजबान रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे प्रयागराज, नॉर्दर्न रेलवे नई दिल्ली तथा वेस्ट सेंट्रल रेलवे जबलपुर की टीमें शामिल थीं।

पूल–ए से सेंट्रल रेलवे मुंबई एवं साउथ ईस्टर्न रेलवे कोलकाता तथा पूल–बी से नॉर्दर्न रेलवे नई दिल्ली एवं आर सी एफ कपूरथला सेमीफाइनल में पहुंचे, जहां सेंट्रल रेलवे और नॉर्दर्न रेलवे विजयी होकर फाइनल में पहुंचे।

फाइनल मैच के पश्चात आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी राजबीर कौर, जिन्हें “गोल्डन गर्ल” के नाम से जाना जाता है, ने विजेता एवं उपविजेता टीमों तथा खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर आरसीएफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री के. एस. असला, महासचिव श्री सुखराज सिंह, श्री बलविंदर सिंह शम्मी, श्रीमती सुखजीत कौर, श्री बिक्रमजीत सिंह काहलों, श्री जगमोहन सिंह, श्री संजय बीर , स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सदस्य तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं दर्शक उपस्थित रहे।

RCF की लाल थांत लुआंगी को चैम्पियनशिप की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया तथा उन्हें ओलंपियन बलविंदर सिंह शम्मी द्वारा प्रायोजित विशेष ट्रॉफी एवं 11,000/- की नकद राशि प्रदान की गई।

कई ओलंपियन एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला हॉकी खिलाड़ियों की भागीदारी ने चैम्पियनशिप के स्तर को और ऊंचा किया, जिससे प्रतियोगिता अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक रही तथा दर्शकों को रोमांचक एवं उच्च स्तरीय हॉकी मुकाबले देखने को मिले। 

No comments