ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला सिविल में स्टाफ की कमी बारे स्वास्थ्य मंत्री बोले -- 1000 डॉक्टर भर्ती, जल्द होगी तैनाती ....

- स्वास्थ्य मंत्री द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बीमारियों की रोकथाम के लिए बड़े पैमाने पर काम करने के आदेश  

- डेंगू, चिकनगुनिया और त्वचा रोगों से बचाव के लिए विशेष टीमें तैनात करने के आदेश   

- सिविल अस्पताल में डिजास्टर मैनेजमेंट वार्ड में बेड की संख्या बढ़ाने को कहा  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलवीर सिंह ने आज सिविल अस्पताल में दौरे के दौरान सिविल अस्पताल में स्टाफ की कमी बारे इंकार करते हुए कहा कि अभी खाल ही पंजाब में एक हज़ार डॉक्टर्स की भर्ती की है। जिनकी तैनाती जल्द की जाएगी। मंत्री ने यह भी कहा कि पंजाब सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को पूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने और बीमारियों की रोकथाम के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।  

मंत्री ने कहा कि डेंगू, डायरिया और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए प्रभावित क्षेत्रों में विशेष चिकित्सा टीमें तैनात करने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा, जलजनित बीमारियों को रोकने के लिए जागरूकता अभियान को और व्यापक स्तर पर चलाने के निर्देश दिए गए हैं।  

आज वीरवार रात कपूरथला सिविल अस्पताल में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री ने पत्रकारों से हुई बातचीत में कहा कि CM भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार इस मुश्किल घड़ी में लोगों की हर संभव सहायता कर रही है। और प्रभावित परिवारों की सुविधा के लिए बोट एम्बुलेंस भी तैनात की जा रही हैं।  

उन्होंने सुल्तानपुर और भुलत्थ के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने लोगों की स्वास्थ्य देखभाल के लिए टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार जाकर जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए ओआरएस और क्लोरीन की गोलियां वितरित करने के आदेश दिए। स्वास्थ्य मंत्री ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कपूरथला और सुल्तानपुर के सिविल अस्पतालों में रिजर्व बेड की संख्या बढ़ाने के आदेश दिए है। 

उन्होंने गर्भवती महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य देखभाल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि कुछ बोटों को केवल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए रिजर्व रखा जाए। स्वास्थ्य मंत्री ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) से प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चिकित्सा सेवाएं, दवाइयां और एम्बुलेंस प्रदान करने की अपील की है।  वहीँ एसोसिएशन ने मंत्री को हर तरह का सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में सभी को मिलकर काम करने की जरूरत है।  

DC अमित कुमार ने बताया कि सुल्तानपुर लोधी सिविल अस्पताल में डिजास्टर मैनेजमेंट यूनिट स्थापित की गई है, जो 24 घंटे सेवाएं दे रही है। इसके अलावा, लखवरियां में राहत केंद्र में चिकित्सा सुविधाओं को और बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, उन्होंने सिविल अस्पताल में नवनिर्मित डिजास्टर मैनेजमेंट वार्ड, डेंगू वार्ड और आईसीयू वार्ड का भी दौरा किया।  

No comments