RCFEU और प्रशासन के बीच 8वीं PNM मीटिंग में महत्वपूर्ण निर्णय .... ?
- पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (PPE) की गुणवत्ता में सुधार जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण सहमति बनी
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
RCFEU और RCF प्रशासन के बीच 15, 16 और 21 मई, 2025 को संपन्न हुई 8वीं PNM मीटिंग में कर्मचारियों, कारखाने और उनके परिवारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सर्वसम्मति बनी है। इस बैठक में यूनियन द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर गंभीर और विस्तृत चर्चा के बाद कर्मचारियों के हित में कई अहम निर्णय लिए गए हैं।
इस बैठक में कर्मचारियों के पदोन्नति और स्थानांतरण, कार्य सप्ताह में बदलाव, तथा पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (PPE) की गुणवत्ता में सुधार जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण सहमति बनी। महिलाओं के लिए सेफ्टी शूज़ की खरीद में सुधार, ब्रांडेड पीपीई की उपलब्धता और GeM से खरीदी जा रही घटिया गुणवत्ता वाली सेफ्टी आइटम्स पर कार्रवाई सुनिश्चित की गई। इसके अलावा कर्मचारी एवं कॉलोनी में एलपीजी पाइपलाइन, वेस्ट कॉलोनी में एटीएम और कुत्तों की समस्या के समाधान जैसी सुविधाओं पर भी निर्णय लिया गया। अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार, जैसे फर्नीचर, स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की उपलब्धता और एयर कंडीशनर लगाने पर सहमति बनी, साथ ही हॉलिडे होम सुविधा और कम्युनिटी हॉल में डीजे के समय का भी निर्धारण किया गया। क्वार्टर मरम्मत और गुणवत्ता में सुधार, और रखरखाव के लिए ऑनलाइन सिस्टम में सुधार पर भी जोर दिया गया।
वर्कशॉप और तकनीकी सुधार के क्षेत्र में भी कई बड़े फैसले लिए गए, जिनमें शैल असेंबली शॉप के लिए नए उपकरण, फोर्क लिफ्टर की खरीद, और पेंट शॉप का आधुनिकीकरण शामिल है। सुरक्षा में सुधार के लिए वेल्डिंग गैस लीकेज पर नियंत्रण और अतिरिक्त एग्जॉस्ट ब्लोअर लगाए जाएंगे। सफाई सामग्री की गुणवत्ता में सुधार, शौचालय की स्थिति और मशीन शॉप में स्टाफ की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई। सुरक्षा उपकरणों और फिनिशिंग शॉप की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए साप्ताहिक मेमो प्लान और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई। ग्रुप-B में पदोन्नति, कोच उत्पादन के लिए सामग्री की उपलब्धता, और कीमती सामग्री के भंडारण के लिए शेड निर्माण जैसे संगठनात्मक और ढांचागत मुद्दों पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इन सभी निर्णयों का हर दो महीने बाद प्रशासन द्वारा फॉलोअप किया जाएगा।
यूनियन के महासचिव सर्वजीत सिंह ने इन निर्णयों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा, "यह बैठक आरसीएफ प्रशासन और एम्प्लॉइज यूनियन के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों और कर्मचारियों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। हमें खुशी है कि हमारे कर्मचारियों और उनके परिवारों से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दों का समाधान हुआ है। हम आरसीएफ प्रशासन को उनके सकारात्मक सहयोग के लिए धन्यवाद देते हैं।" यूनियन के अध्यक्ष अमरीक सिंह ने अपने बयान में कहा, "आरसीएफ एम्प्लॉइज यूनियन, हमेशा अपने कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए समर्पित है। ये निर्णय कर्मचारियों के जीवन की गुणवत्ता और कार्यस्थल की सुरक्षा में सुधार लाएंगे। हम सभी कर्मचारियों द्वारा जताए गए विश्वास के लिए आभारी हैं और भविष्य में भी आपकी सेवा में तत्पर रहेंगे।"

















No comments