ब्रेकिंग न्यूज़

22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक चलेगा RCFEU का जागरूकता अभियान ....

- RCF प्रशासन कर्मचारियों के लिए नहीं प्राइवेट सप्लायरों के लिए कार्य कर रहा -- सर्वजीत सिंह  

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

RCFEU का कर्मचारियों के अधिकारों और लंबित मांगों के लिए चल रहा जन जागरण अभियान आज एक नए पड़ाव पर पहुँचा। यूनियन ने आज आरसीएफ के शैल शॉप में एक महत्वपूर्ण सभा का आयोजन किया, जहाँ कर्मचारियों ने भारी संख्या में एकत्र होकर अपने अटूट संकल्प का प्रदर्शन किया। 

सभा में कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली और नई पेंशन योजना (NPS) के खिलाफ बुलंद नारे लगाए। शैल शॉप के कर्मचारियों का उत्साह देखते ही बनता था, जो अपनी मांगों को लेकर एकजुट और दृढ़ दिखाई दिए।  

सभा को संबोधित करते हुए, RCFEU के कार्यकारी सदस्य अवतार सिंह ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उनके एकजुटता की सराहना की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की यह शक्ति ही यूनियन की सबसे बड़ी ताकत है। सहायक सचिव नरेंद्र कुमार ने भी कर्मचारियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया और यूनियन के संघर्ष में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

RCFEU के महासचिव सर्वजीत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यूनियन कर्मचारियों के हर मुद्दे पर उनके साथ खड़ी है। उन्होंने विशेष रूप से प्रशासन द्वारा कर्मचारियों की मांगों पर ध्यान न दिए जाने पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि RCF प्रशासन कर्मचारियों के लिए नहीं प्राइवेट सप्लायरों के लिए कार्य कर रहा है। सिंह ने आउटसोर्सिंग के बढ़ते प्रयासों पर चिंता जताई और कहा कि यूनियन किसी भी ऐसे कदम का पुरजोर विरोध करेगी जो स्थायी कर्मचारियों के हितों को नुकसान पहुँचाता हो। उन्होंने शैल शॉप के कर्मचारियों को उनके सक्रिय समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और उनसे आगे भी इसी तरह एकजुट रहने का आह्वान किया।  

यूनियन ने एक बार फिर ग्रुप सी और डी के रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती करने, रेलवे भर्ती सेल से आए कर्मचारियों को उनके मूल कार्यक्षेत्र में वापस भेजने और सिविल इंजीनियरिंग व इलेक्ट्रिकल विभागों के तकनीशियनों की विशेषज्ञता का उपयोग उत्पादन में करने की मांग दोहराई। कर्मचारियों को बेहतर गुणवत्ता वाले पीपीई प्रदान करने और प्रशासनिक भवन में 5-दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

यूनियन नेताओं ने आगामी 1 मई को मजदूर दिवस पर दिल्ली में होने वाले ओपीएस बहाली के प्रदर्शन में अधिक से अधिक कर्मचारियों से भाग लेने का आग्रह किया। RCFEU ने स्पष्ट किया कि यदि 29 अप्रैल तक उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिलती है, तो यूनियन आगे की कार्रवाई के लिए बाध्य होगी। आज जन जागरण अभियान में सर्वश्री अवतार सिंह, नरेंद्र कुमार, सर्वजीत सिंह के साथ-साथ बड़ी संख्या में शैल शॉप के कर्मचारी उपस्थित थे, जिन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता का परिचय दिया।  

No comments