कपूरथला पुलिस ने US भाग रहे NRI को दिल्ली एयरपोर्ट से दबोचा ......
- एक ही जमीन को धोखे से जाली दस्तावेजों के आधार पर दो बार बेचा, थाना सदर में FIR दर्ज
- भनक लगते ही विदेश भागने लगा, पुलिस ने दिल्ली अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से किया काबू
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला के गांव सुखानी की एक ही जमीन धोखे-जाली दस्तावेजों के आधार पर दो बार बेचकर US भाग रहे NRI को जिला पुलिस ने दिल्ली अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से दबोचा है। थाना सदर कपूरथला में धोखाधड़ी का केस दर्ज होते ही आरोपी एनआरआई पहले भूमिगत हो गया और फिर विदेश भागने की फिराक था। इससे पहले ही थाना सदर की पुलिस ने आरोपी को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। इसकी पुष्टि SP-D सरबजीत राय और DSP सब-डिवीजन दीपकरण सिंह ने की है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 2 दिसंबर 2024 को दी शिकायत में कुलदीप सिंह वड़ैच वासी सैदोवाल ने बताया कि उसने NRI सुरिंदर सिंह सुन्नड़ वासी 693 गुरु तेग बहादुर नगर जालंधर से गांव सुखानी में कुल 9 एकड़ 2 मरले जमीन खरीदी थी। इस जमीन को पहले NRI हरदीप सिंह वासी गांव आलमगीर काला संघिया कपूरथला को ठेके पर दी हुई थी। जिसमें आलू की फसल बीजी हुई थी।
शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि जब वह जमीन पर गए तो हरदीप सिंह ने उनकी जमीन पर कब्जे करना की नियत से उन्हें जान से मारने की धमकियां दी गई। जिससे उन्हें जानी-माली नुक्सान का अंदेशा बना रहता है। इसलिए उसकी जमीन से नाजायज कब्जा छुड़वाया जाए। इस पर एसएसपी ने जांच का जिम्मा डीएसपी सब-डिवीजन को सौंपा। डीएसपी ने जांच के लिए राजस्व विभाग का रिकार्ड मंगवाया तो पाया कि NRI सुरिंदर सिंह सुन्नड़ ने एक ही जमीन दो बार बेची है। पहले सुन्नड़ ने 19 जून 2023 को जमाबंदी साल 2017-18 की 32 कनाल 19 मरले 35.40 लाख और इसी दिन 4 कनाल 3 मरले जमीन 4.50 लाख (कुल 37 कनाल 2 मरले) में आरबीआर रियल एस्टेट डेवेलपर प्राइवेट लिमिटेड काला संघिया जिला कपूरथला को बेची दी।
फिर इसी जमीन को उसने एनआरआई सुरिंदर सिंह सुन्नड़ ने कुलदीप सिंह वड़ैच के बेटे चमकौर सिंह वड़ैच को 8 नवंबर 2024 को जमाबंदी साल 2022-23 की उक्त जमाबंदी में दर्शाए हुए खसरा नंबर की 24 कनाल 2-1/2 मरले जमीन 30.20 लाख और 26 कनाल 1-1/2 मरले जमीन 32.65 लाख रुपये में बेच दी, जिसका सारा इंतकाल राजस्व विभाग में दर्ज है, लेकिन सुरिंदर सिंह सुन्नड़ ने पहले बेची 37 कनाल 2 मरले जमीन का इंतकाल पहले दर्ज नहीं था, जिसका नाजायज फायदा उठाते हुए उसने राजस्व विभाग के फर्जी दस्तावेज बनाकर पहले से बेची हुई जमीन दूसरी जगह बेच कर धोखाधड़ी व जालसाजी की। एसएसपी को सौंपी जांच रिपोर्ट में डीएसपी ने बताया कि हरदीप सिंह की ओर से कब्जा करने और धमकियां देने की बात सामने नहीं आई है।
डीएसपी की जाँच के बाद थाना सदर की पुलिस ने 15 जनवरी को एनआरआई सुरिंदर सिंह सुन्नड़ के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी व फर्जी दस्तावेजों की BNS की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। भारत आए हुए सुरिंदर सिंह सुन्नड़ को जब केस दर्ज होने का पता चला तो वह US भागने लगा।
SP-D सरबजीत राय व DSP दीपकरण सिंह के अनुसार दो दिन पहले पुलिस ने आरोपी सुरिंदर सिंह सुन्नड़ के US भागने से पहले ही दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। बताने योग्य है कि सुरिंदर सिंह सुन्नड़ ने भारत आने पर साहित्यिक संस्थाओं के समारोहों की शोभा बनते हैं और और खुद भी साहित्यकार हैं।
No comments