कपूरथला के युवक की कनाडा में संदिघ्ध परिस्थितियों में मौत ...
- परिजनो तथा गांव में मातम का माहौल, परिवार की सरकार से शव को भारत लाने में मदद की अपील
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला की सबडिवीजन भुलत्थ के गांव मंडेर बेट के एक युवक की कनाडा में संदिघ्ध परिस्थितियों में मौत होने की खबर है। बताया जा रहा है कि उक्त युवक कुछ दिन पहले ही कनाडा गया था। युवक की मौत होने की खबर से जहाँ परिवार में शोक की लहर है वहीँ गांव मंडेर बेट में मातम का माहौल है। मृतक युवक के परिजन और परिचित लोग इस दुःख की घडी में परिवार के साथ संवेदना प्रकट कर रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार गांव मंडेर बेट वासी युवक वरिंदर सिंह (33 वर्षीय) पुत्र बलकार सिंह पिछले सप्ताह अपने बेहतर भविष्य के लिए कनाडा में गया था। जहां बीते दिनों उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई और उसकी मौत हो गई। परिवार के अनुसार यह जानकारी उनके बेटे के रूममेट जालंधर जिले के नकोदर वासी जसवंत सिंह से मिली है। उसने बताया कि वरिंदर सिंह की ब्रेन स्ट्रोक के कारण मृत्यु हो गई है।
पिता बलकार सिंह ने बताया कि वरिंदर सिंह की लगभग 6 वर्ष पहले 2018 में शादी हुई थी। और उसकी दो बेटियां भी है। इससे पहले वरिंदर सिंह पिछले वर्ष मलेशिया और इंग्लैंड भी गया था। और वहां से वापिस आने के बाद अब कनाडा में चला गया।
मृतक के परिवार ने भारी मन से बताया कि अभी तो परिवार वरिंदर सिंह के विदेश जाने की खुशियां ही मना रहा था कि इसी दौरान उसकी मौत की खबर आने से परिवार शोक में डूब गया। मृतक वरिंदर सिंह के पिता बलकार सिंह ने जिला प्रशासन और सरकार से अपील की है कि उनके बेटे के शव को भारत लाने के लिए उनकी मदद की जाए। ताकि वह बेटे का अंतिम संस्कार तथा अन्य रसम किर्याएँ अपने हाथों से पूरी कर सके।















No comments