नशा मुक्ति केंद्र में युवक की हत्या कर शव नहर में फेंका ..... ??
- डेढ़ महीने तक मृतक के परिजनो को भनक तक नहीं लगने दी
- हत्या और लाश खुर्दबुर्द करने के आरोप में 5 पर FIR दर्ज
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। पंजाब
पंजाब के खन्ना के पायल क्षेत्र में गैर कानूनी ढंग से चल रहे एक नशा मुक्ति केंद्र में एक युवक की पीट पीटकर हत्या करने की खबर है। और हत्या के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया। वहीँ डेढ़ महीने तक मृतक के परिजनो को इसकी भनक तक नहीं लगने दी। पुलिस ने जब लापता युवक की तलाश शुरू की तो मामले का खुलासा हुआ।
जिसके बाद पायल थाने में 5 आरोपी परनीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह, उसके भाई विक्रम सिंह विक्की, गुरविंदर सिंह गिंदा और प्रदीप सिंह के खिलाफ हत्या और लाश खुर्दबुर्द करने के आरोप में FIR दर्ज की गई है।
जानकारी अनुसार पायल के कद्दों रोड पर गुरु कृपा विद्यालय के नाम से एक नशा मुक्ति केंद्र कथित गैर कानूनी ढंग से चल रहा था। यहां पर करीब 2 महीने पहले अमृतसर वासी अमनदीप सिंह को भर्ती कराया गया था। इसी केंद्र में करीब 5 माह से अमृतसर का फतेह सिंह भर्ती था। आरोप है कि केंद्र में भर्ती युवाओं से अमानवीय व्यवहार किया जाता था। काम न करने पर मारपीट की जाती थी।
21 अप्रैल को अमनदीप सिंह को कपड़े धोने का काम दिया, अमनदीप धीरे-धीरे कपड़े धो रहा था। इसी कारण रात को उक्त आरोपियों ने हॉल के अंदर अमनदीप के साथ बुरी तरह से मारपीट की। फतेह सिंह और अन्य युवाओं के सामने अमनदीप को डंडों से बेरहमी से पीटा गया। इसी मारपीट के दौरान अमनदीप सिंह की मौत हो गई थी।
इसके बाद आरोपी अमनदीप सिंह के शव को उठाकर बाहर ले गए और केंद्र में भर्ती अन्य युवाओं को ताला लगा दिया। कुछ दिन बाद आरोपी नशा मुक्ति केंद्र में कहने लगे कि वह अमनदीप सिंह को उसके घर छोड़ आए हैं। इसी बीच 9 जून को अमनदीप सिंह का भाई रविंदर सिंह नशा मुक्ति केंद्र में आया। जिसने अमनदीप सिंह के बारे में पूछा।
इसके बाद नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवाओं को शक हुआ कि अमनदीप की हत्या के बाद उसकी लाश को आरोपियों ने खुर्दबुर्द कर दिया है। तभी पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की। फतेह सिंह ने पुलिस को बयान दर्ज कराए कि उसके सामने अमनदीप सिंह की पीट-पीटकर हत्या की गई। पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र चलाने वाले दो लोगों सहित 5 के खिलाफ केस दर्ज किया गया। वहीँ पायल थाना प्रभारी विनोद कुमार अनुसार 5 आरोपियों के खिलाफ हत्या और लाश खुर्दबुर्द करने के आरोप में FIR दर्ज की गई है। और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जायगा।













No comments