ब्रेकिंग न्यूज़

कपूरथला में मेडिकल कॉलेज बनने से लोगों को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं -- सांसद चब्बेवाल

- शिफ्टिंग के दौरान किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी 

खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला    

कपूरथला में मेडिकल कॉलेज बनने से जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को एक ही छत के नीचे आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। यह दावा सांसद राजकुमार चब्बेवाल ने कपूरथला सिविल अस्पताल में दौरे दौरान किया और कहा कि पंजाब सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है।  

सांसद डॉ. राजकुमार चब्बेवाल ने कपूरथला दौरे दौरान मेडिकल कॉलेज के तहत सिविल अस्पताल परिसर में बन रहे 300 बेड वाले अस्पताल के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने से न सिर्फ कपूरथला बल्कि आसपास के जिलों के लोगों को भी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा और उन्हें इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। 

सांसद डॉ. चब्बेवाल ने पंजाब सरकार की ओर से कपूरथला में बनाए जा रहे श्री गुरु नानक देव जी स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस के निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मौजूद DC कपूरथला आकाश बांसल और सिविल सर्जन डॉ. संजीव भगत से चल रहे कार्यों संबंधी विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

सांसद ने शिफ्ट किए जाने वाले ब्लड बैंक की व्यवस्था संबंधी जानकारी भी ली और लोगों को भरोसा दिलाया कि शिफ्टिंग के दौरान किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।

इस मौके पर सांसद डॉ. चब्बेवाल ने मुख्यमंत्री हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम, टीबी खत्म करने की मुहिम, ड्रग डिटॉक्सिफिकेशन प्रोग्राम और आम आदमी क्लीनिकों की कार्यप्रणाली पर भी विस्तार से चर्चा की। डीसी आकाश बांसल ने कहा कि जिला प्रशासन स्वास्थ्य विभाग को शिफ्टिंग से जुड़ी हर संभव सहायता उपलब्ध करवाएगा।

इस अवसर पर ACS डॉ. अनु रतन, DMC डॉ. संदीप भोला, DIO डॉ. रणदीप सिंह, SMO डॉ. परमिंदर कौर, सुपरिंटेंडेंट राम अवतार, डिप्टी मास मीडिया ऑफिसर शरणदीप सिंह, सुखदयाल सिंह, बीसीसी ज्योति आनंद, हरजिंदर सिंह सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित थे। 

No comments