RCFEU का जन जागरण अभियान --- शीट मेटल शॉप में कर्मचारियों ने भरी हुंकार .....
- एडमिन ब्लॉक में 5 दिवसीय कार्यसप्ताह शुरू करें प्रशासन --- RCFEU
रेलवे भर्ती सेल से लेवल-1, सिविल इंजीनियरिंग एवं इलेक्ट्रिकल विभाग के कर्मचारियों को तुरंत वर्कशॉप भेजा जाए
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला रेल कोच फैक्ट्री में आज RCFEU का जन जागरण अभियान जारी रहा। RCFEU ने शीट मेटल शॉप में कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कर्मचारियों ने एकजुट होकर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली और नई पेंशन योजना (एनपीएस) एवं यूपीएस के खिलाफ जोरदार नारे लगाए और अपना विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने भारी संख्या में उत्साहपूर्वक इस जन जागरण कार्यक्रम में भाग लिया।
RCFEU के महासचिव सर्वजीत सिंह ने प्रशासन की कर्मचारी विरोधी नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने विशेष रूप से 3000 कोच उत्पादन के नाम पर बड़े पैमाने पर आउटसोर्सिंग किए जाने की गहरी साजिश पर चिंता व्यक्त की। यूनियन नेताओं ने कहा कि यह कदम आरसीएफ के स्थायी कर्मचारियों के हितों के खिलाफ है और इससे कर्मचारियों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यूनियन इस आउटसोर्सिंग के प्रयास को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।
यूनियन ने कोच उत्पादन के लिए आवश्यक सामग्री की लगातार कमी के मुद्दे को भी उठाया। नेताओं ने कहा कि सामग्री की अनुपलब्धता के कारण उत्पादन कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत इस समस्या का समाधान करने की मांग की।
यूनियन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बचीतर सिंह ने कहा कि कर्मचारियों को घटिया गुणवत्ता वाले व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) प्रदान करने पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मांग की कि पीपीई की गुणवत्ता में सुधार किया जाए और इनकी खरीद एसपीसी (सेंट्रल परचेज ऑर्गनाइजेशन) के माध्यम से की जाए ताकि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इसके अतिरिक्त, प्रशासनिक भवन में 5-दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग भी पुरजोर तरीके से उठाई गई।
अपने संबोधन में यूनियन नेता तलविंदर सिंह ने कहा कि आगामी 1 मई को मजदूर दिवस के अवसर पर पुरानी पेंशन बहाली के लिए दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले विशाल प्रदर्शन में आरसीएफ के सभी कर्मचारियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सभी कर्मचारियों के भविष्य की लड़ाई है और एकजुट होकर संघर्ष करने से ही जीत हासिल होगी।
यूनियन ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि प्रशासन ने 29 अप्रैल तक उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो आरसीएफ एम्पलाइज यूनियन कर्मचारियों को साथ लेकर एक बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
जन जागरण अभियान में RCFEU के अध्यक्ष अमरीक सिंह, अतिरिक्त सचिव अमरीक सिंह गिल, कार्यकारी अध्यक्ष मनजीत सिंह बाजवा, संगठन सचिव भरत राज, संयुक्त सचिव जसपाल सिंह, सहायक सचिव नरेंद्र कुमार, कार्यकारी सदस्य संजीव कुमार, शिवराज मीणा, साकेत कुमार यादव, सरबजीत सिंह, विनोद कुमार, गुरविंदर सिंह, बलजिंदर पाल, हरप्रीत सिंह, अवतार सिंह, अनिल कुमार, अश्वनी कुमार, बूटा राम इत्यादि सहित सैकड़ो कर्मचारी शामिल हुए।

















No comments