कपूरथला के युवक की अमेरिका में मौत, दो वर्ष पहले जमीन बेचकर गया .....
- चार कनाल जमीन बेचकर विनोद सिंह को अमेरिका भेजा था -- पिता
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
कपूरथला की सब डिवीज़न सुल्तानपुर लोधी के मंड क्षेत्र के गांव शिव दयाल वाला के एक युवक की अमेरिका में मौत होने का समाचार प्राप्त हुआ है। बताया जा रहा है कि उसकी कैंसर के कारण मौत हुई है। जिनका पार्थिव शरीर आज उनके पैतृक गांव शिव दयाल वाला लाया गया तथा अंतिम संस्कार किया गया।
मृतक के पिता करतार सिंह के अनुसार उनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी, जिसके चलते उन्होंने अपने बेटे विनोद सिंह का बेहतर भविष्य और अच्छी आजीविका की तलाश के लिए कर्ज लेकर और अपनी 4 कनाल जमीन बेचकर 40 लाख रुपए लगाकर अगस्त 2022 में डोंकी से अमेरिका भेजा था।
लेकिन अमेरिका पहुंचते ही वह कैंसर से पीड़ित हो गया। जिसके चलते वहां काफी दिनों तक बीमार रहने के बाद उसकी मौत हो गई। मृतक युवक के माता-पिता का कहना है कि उन्होंने अपने बेटे विनोद सिंह को परिवार के आर्थिक हालात सुधरने की उम्मीद से विदेश भेजा था।
विनोद के पिता करतार सिंह का कहना है कि विनोद सात महीने बाद अमेरिका पहुंचा, क्योंकि उसने सात महीने तक डोंगी से जंगलों का सफर तय किया था और लंबी यात्रा के बाद वह अमेरिका पहुंचा था। अमेरिका पहुंचने के एक महीने बाद उन्हें कैंसर बीमारी हो गई। यह बात उन्हें विनोद के साथ रहने वाले दोस्तों से पता चलती है। काफी समय तक विनोद का इलाज उसके दोस्तों ने एक दूसरे की मदद से कराया ,लेकिन आखिरकार इस बीमारी से लड़ते हुए विनोद की मौत हो गई।
विनोद की मां संतोष की नम आंखें अभी भी अपने बेटे का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने बताया कि उनके दोस्तों ने पैसे इकट्ठा करके मृतक विनोद सिंह का शव भारत भेजा। जिसके लिए उन्होंने उसके दोस्तों का आभार जताया है। उन्होंने सरकार और सामाजिक सेवा संगठनों से वित्तीय सहायता की मांग की है।
No comments