पंजाब के किसानों का दिल्ली कूच --- पुलिस ने बैरिकेड लगाए, अश्रु गैस के गोले भी छोड़े ....
- 8 किसान घायल, एक किसान की हालत गंभीर , चंडीगढ़ PGI रेफर
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। पंजाब
पंजाब के 101 किसानों ने आज रविवार को दूसरी बार शंभू बॉर्डर से दिल्ली कूच करने की कोशिश की। लेकिन हरियाणा पुलिस ने उन्हें घग्गर नदी के पुल पर रोक लिया। जहाँ लगभग पौने 4 घंटे बाद जत्थे को वापस लौटना पड़ा। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर का कहना है कि कल दोनों फोरम फैसला करेंगे कि आगे कब जाना है।
बता दे कि 101 किसानों का जत्था दोपहर 12 बजे धरनास्थल से दिल्ली कूच के लिए निकला था। पुल पर पुलिस और किसानों के बीच बहस हुई। हरियाणा पुलिस ने किसानों से दिल्ली जाने का परमिशन लेटर मांगा। और उन्होंने यह भी कहा कि बिना परमिशन के वह दिल्ली नहीं जा सकते है।
इसके बाद किसानों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। इस पर हरियाणा पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े। जिसके बाद किसान पीछे की हट गए। इसके बाद पुलिस ने किसानों को चाय बिस्किट ऑफर किए और फूल भी बरसाए। फिर भी किसान दिल्ली कूच करने पर अड़े रहे। पुलिस ने दोबारा आंसू गैस के गोले दागे और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। जिसमें 8 किसान घायल हो गए। किसान नेता सरवन पंधेर के मुताबिक एक किसान की हालत गंभीर है। उसे चंडीगढ़ PGI रेफर किया गया है। ऐसे में जत्थे को वापस बुलाने का फैसला लिया गया।
इसके बाद शंभू बॉर्डर पर अंबाला के DC और SP ने पंजाब पुलिस के अधिकारियों के साथ मिलकर किसानों से मीटिंग की। किसान नेता सरवण पंधेर ने कहा कि हरियाणा के प्रशासन ने एक दिन यानी कल की मोहलत मांगी है। उनका कहना है कि कल पानीपत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा है। उसके बाद अधिकारियों से बातचीत कर दिल्ली जाने की छूट को लेकर हमें जानकारी देंगे।
No comments