किसान 26 अक्टूबर को दोआबा में नेशनल हाइवे करेंगे जाम ....
- इमरजेंसी सेवाओं के लिए किया जाएगा ख़ास प्रबंध
- धान खरीद समय पर न होने के पीछे सीधा पंजाब सरकार जिम्मेवार
- राइस मिल मालिकों से किसान नेता करेंगे चंडीगढ़ में मीटिंग
खबरनामा इंडिया. बबलू , पंजाब
चंडीगढ़ के किसान भवन में प्रेस को संबोधित करते हुए किसान मजदूर मोर्चा और SKM (नॉन पॉलिटिकल) के नेताओं ने प्रदेश भर में धान की खरीद में आ रही मुश्किलों पर बात करते हुए सूबा सरकार को सीधा-सीधा निशाने पर लिया।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने समय रहते हुए धान खरीद के पुख्ता प्रबंध नहीं किए जिसके चलते किसानों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पिछले 20 सालों से निरंतर सभी सरकारों ने कभी भी किसानों को मंडी में खरीद के सम्बन्ध में कभी परेशान नहीं होने दिया।
भगवंत मान सरकार बार-बार आश्वासन देती रही लेकिन समय पर खरीद करने में असमर्थ रही। यही हाल डीएपी का है। किसानों को प्रदेश भर में सही मात्रा में DAP भी नहीं मिल पा रहा। मोर्चा ने पंजाब सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कल तक प्रदेश की सारी मंडियों में सही मायने से खरीद नहीं हुई तो 26 अक्टूबर को माझा, मालवा और दोआबा में नेशनल हाईवे को धान खरीद की समस्या का समाधान होने तक बंद कर दिया जाएगा।
किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा मोदी सरकार तो किसानों को मारने में लगी हुई है वहीं केजरीवाल और भगवंत मान दोनों हाथों से पंजाब के किसानों को लूटने में लगे हुए हैं। जब जब AAP के नेताओं को केंद्र सरकार द्वारा गिरफ़्तार या इंक्वायरी के लिए बुलाया जाता था, तो भगवंत मान पंजाब के सभी 92 विधायक लेकर दिल्ली जा प्रदर्शन करते थे। अगर उन्हें पंजाब का दुख है तो अब क्यों नहीं पंजाब के सभी 92 विधायक लेकर भगवंत मान और केजरीवाल धान खरीद के लिए प्रधान मंत्री आवास पर प्रदर्शन कर रहे? क्या केजरीवाल और मोदी मिलकर पंजाब के किसानों से लूटमार कर परेशान कर रहे हैं?
किसान नेताओं ने बताया कि बाद दोपहर वह राइस मिल मालिकों से भी मीटिंग कर रहे हैं। सरकार द्वारा बार बार झूठे वादे किए जा रहे हैं। इस मौके पर किसान नेता सरवन सिंह पंधेर, सुरजीत सिंह फुल, मंजीत सिंह राय, अमरजीत सिंह मोहडी, दिलबाग सिंह हरीगढ़, सतनाम सिंह बेहरू, जंग सिंह बथेड़ी, गुरदीप सिंह भट्टी, तेजवीर सिंह पंजोखडा साहिब, गुरअमनीत सिंह मांगट, गुरबिंदर सिंह सदरपुर, सूखचैन सिंह, हरप्रीत सिंह बहरामके, गगनदीप सिंह मोहडी मौजूद रहे।
No comments