विश्व जल दिवस पर संत सीचेवाल ने प्राकृतिक जल स्रोतों को बचाने की अपील ....
- पंजां पानियां दी धरती के भूजल स्तर में हो रही गिरावट
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला
विश्व जल दिवस के अवसर पर पर्यावरण प्रेमी और राज्य सभा सदस्य संत बलवीर सिंह सीचेवाल ने पानी की महत्ता और जल संकट पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में पीने योग्य पानी का संकट बढ़ता जा रहा है और जल स्रोत तेजी से सूखते जा रहे हैं।
संत सीचेवाल ने पंजाब को "पंजां पानियां दी धरती" बताते हुए यहां के भूजल स्तर में हो रही गिरावट और उसमें मिलने वाले जहरीले तत्वों पर चिंता जताई। केंद्रीय भूजल बोर्ड की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब के 20 जिले और हरियाणा के 16 जिलों में भूजल में युरेनियम, कोलोराइड, आर्सेनिक, फ्लोराइड जैसे जहरीले तत्व मापदंडों से कहीं अधिक पाए गए हैं। संत सीचेवाल ने कहा कि जैसे-जैसे भूजल स्तर गहरे जा रहे हैं, स्थिति और भी खतरनाक होती जा रही है।
पंजाब में काला संघिया, बुड्ढा दरिया और चिट्टी वेईं के पानी में सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रहे संत बलवीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि देश की प्रदूषित नदियां और दरिया तभी साफ हो सकते हैं, जब इन नदियों में गंदे पानी का बहाव बंद किया जाएगा।
विश्व जल दिवस पर संत सीचेवाल ने संगतों को शुभकामनाएं दी और कहा कि बाबा नानक के चरणों में समर्पित पवित्र वेईं सेवा को 25 साल हो गए हैं। यह सेवा संगतों की कठिन मेहनत और तपस्या का परिणाम है कि अब पवित्र काली वेईं का पानी पीने योग्य हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि भविष्य में बुड्ढा दरिया का पानी भी उसी तरह साफ होगा, जैसे वेईं का पानी है।
No comments