कपूरथला में 2 नाबालिग बहनों से रेप करने वाला ग्रंथी गिरफ्तार .....
- बच्चियों की अश्लील फोटो वाट्सअप पर की वायरल, POCSO एक्ट की FIR दर्ज
- ग्रंथी को पहले ही गुरुद्वारा साहिब से निकाला जा चुका --- DSP
खबरनामा इंडिया ब्यूरो। कपूरथला
कपूरथला की सबडिवीजन सुलतानपुर लोधी में एक गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी ने मंड एरिया की दो नाबालिग बहनों को अलग-अलग समय पर रेप करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने दोनों मासूमबच्चियों की फोटो वाट्सअप पर वायरल भी की थी। थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पाक्सो-आईटी एक्ट के तहत FIR दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी अनुसार थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस को दी शिकायत में एक महिला ने बताया कि उसका पति खेतीबाड़ी करता है। उसकी 16 व 14 साल की दो बेटियां और 10 साल का एक बेटा है। गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में ग्रंथी सिंह 28 वर्षीय परगट सिंह वासी गांव बाऊपुर कदीम का उनके घर पर आना-जाना था। जिस वजह से उसके परिवार के साथ उनके पारिवारिक संबंध हैं।
परगट सिंह उनके घर आकर कहता था कि बाढ़ आने के कारण लड़कियों को सरकार की ओर से सपरिवार सुविधाएं दी जा रही हैं। इस तरह मुआवजा मिलने का बहाना बनाकर उसकी लड़कियों को बुला लेता था और सुल्तानपुर लोधी शहर में किसी कमरे में ले जाकर वहां किन्ही फार्मों पर साइन करवाता था। यह सारी बातें उसकी लड़कियों ने उसे तब बताई जब वह डरी-सहमी रहने लगी थी।
महिला ने बताया कि उसकी 14 वर्षीय छोटी बेटी ने बताया कि अक्टूबर महीने में परगट सिंह ने उसे कमरे में ले जाकर दिन के समय कोल्ड डि्रंक में नशीली चीज मिलाकर उसे पिला दी और उसकी मर्जी के खिलाफ जाकर रेप किया। फिर उसने उसे धमकाया कि यदि उसने अपने परिवार को बताया तो वह पूरे परिवार को जान से मार देगा। परगट सिंह ने नवंबर माह में फिर उसकी छोटी बेटी को शहर के किसी कमरे में ले जाकर उसकी बेटी से रेप किया और फिर पहले वाली धमकी दोहराई।
पीड़िता ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय बड़ी बेटी ने डरते हुए बताया कि परगट सिंह जनवरी माह में उसे भी किसी सुल्तानपुर लोधी शहर के गुरुद्वारा साहिब के समीप किसी कमरे में लेकर गया था, जहां उसने बाढ़ प्रभावित बच्चियों को मुआवजा मिलने वाले फार्मों पर साइन करवाए थे। जहां पर उसने उससे छेड़खानी की और जबरन रेप की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह से वहां से भाग आई। उसने यह भी बताया कि फिर उसने उनकी अश्लील तस्वीरें वाट्सअप पर लोगों में वायरल कर दी।
पीड़िता की शिकायत पर थाना सुल्तानपुर लोधी ने पाकसो, आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर ग्रंथी परगट सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
वही DSP बबनदीप सिंह ने बताया कि आरोपी पीड़ित परिवार का मुंह बोला रिश्तेदार हैं। फिलहाल छोटी लड़की के साथ हुए दुराचार का केस दर्ज किया है। बड़ी लड़की ने भी रेप होने के आरोप लगाए हैं, जिसके तहत भी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि जिस समय इसने दोनों बच्चियों से रेप किया, उस समय वह गुरुद्वारा साहिब का ग्रंथी था, लेकिन अब उसे निकाल दिया गया है। आरोपी का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा है, जिससे पता चल सके कि इसने और कितनी बच्चियों के साथ गलत काम किए हैं। पाक्सो एक्ट के मामले में कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
No comments