धुस्सी बांध पर पक्की सड़क बनाने के लिए सीचेवाल ने CM मान से की मुलाकात ....
- गिद्दड़पिंडी से फिल्लौर तक सतलुज दरया पर 89 किलोमीटर लंबी है यह सड़क
- धुस्सी बांध के 2200 फुट संवेदनशील हिस्से पर लगाया जा रहा है पत्थर
खबरनामा इंडिया बबलू। कपूरथला, पंजाब
राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के साथ सतलुज दरया के धुस्सी बांध को मजबूत बनाए रखने के लिए गिद्दड़पिंडी से फिल्लौर तक पक्की सड़क बनाने के मुद्दे पर चर्चा की। मुख्यमंत्री के सरकारी निवास पर मुलाकात के बाद संत सीचेवाल ने बताया कि गिद्दड़पिंडी से फिल्लौर तक धुस्सी बांध पर 89 किलोमीटर लंबी और 18 फुट चौड़ी पक्की सड़क बनाई जानी है।
उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण को लेकर पहली बैठक 12 जून 2023 को चंडीगढ़ स्थित पंजाब भवन में हुई थी। इस संबंध में संत सीचेवाल ने मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा था। यह बैठक उस समय के कैबिनेट मंत्री मीत हेयर की अगुवाई में हुई थी। पंजाब राज्य मंडी बोर्ड ने भी अपनी रिपोर्ट में कहा था कि धुस्सी बांध पर सड़क बनने से बांध को मजबूती मिलेगी। मंडी बोर्ड ने इस सड़क पर लगभग 117 करोड़ रुपये की लागत का अनुमान लगाया था।
आज हुई मुलाकात के दौरान संत सीचेवाल ने बताया कि यह सड़क नाबार्ड एजेंसी की मदद से बनाई जानी थी। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि बरसात से पहले इस सड़क का निर्माण शुरू कर दिया जाए, ताकि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने बताया कि मंडाला छन्ना क्षेत्र में, जहां चार घर सतलुज दरया में बह गए थे, धुस्सी बांध के 2200 फुट लंबे संवेदनशील हिस्से को पत्थर लगाकर मजबूत किया जा रहा है। इस हिस्से में 13 स्टड और 2 स्पर बनाए जा रहे हैं। पत्थर लगाने का काम बरसात से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
संत सीचेवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान बुड्ढे दरिया के प्रदूषण को खत्म करने के लिए गंभीर हैं। उन्होंने मुलाकात के बाद भरोसा दिया कि वे अप्रैल के अंत में बुड्ढे दरिया की सफाई के चल रहे कार्यों का जायजा लेने आएंगे। इस दौरान संत सीचेवाल ने बुड्ढे दरिया को प्रदूषण मुक्त बनाने का प्रस्ताव भी साझा किया और उसका प्रस्तावित नक्शा भी दिखाया।



.jpg)



















No comments